
6 घंटे में 2 आरोपी गिरफ्तार
इंदौर. महू पुलिस ने सूदखोरी के चलते आत्महत्या करने वाले युवक के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 6 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अधीक्षक हितिका वासल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश कुमार द्विवेदी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महू के इंदिरा गांधी कॉलोनी निवासी हरीश गोडाले ने 15 फरवरी 2025 को सूदखोरों से परेशान होकर सुसाइड नोट लिखने के बाद सल्फास की गोलियां खा ली थीं, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. मामले में थाना जूनी इंदौर में मर्ग कायम किया गया था, जिसकी डायरी मिलने पर सोमवार 17 फरवरी को थाना महू में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी महू दिलीप सिंह चौधरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई. कार्रवाई के तहत मात्र 6 घंटे के भीतर ही दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में सुरेश रानवे पिता प्यारेलाल उम्र 48 निवासी इंदिरा गांधी कॉलोनी, महू और आकाश उर्फ पप्पी तिवारी पिता ब्रज प्रसाद उम्र 36 निवासी मेहता की चाल, महू है.
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपी आकाश उर्फ पप्पी तिवारी के खिलाफ 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है.
