शपथ ग्रहण समारोह के लिए सजने लगा रामलीला मैदान

नयी दिल्ली 17 फरवरी (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी का ऐतिहासिक रामलीला मैदान नयी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए सजने लगा है।

गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 27 साल बाद सत्ता में वापसी की है। प्रदेश सरकार और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने नयी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों के तहत रामलीला मैदान को सजाने का काम शुरू कर दिया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यहां 20 फरवरी को प्रदेश की नयी भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो सकता है और इस दौरान नवनियुक्त मुख्यमंत्री तथा उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी शपथ लेंगे।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले रामलीला मैदान में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने वर्ष 2013, 2015 और 2020 में शपथ ली थी और अब चौथी बार यह ऐतिहासिक मैदान शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयार हो रहा है।

प्रदेश सरकार के अधिकारियों ने समारोह के लिए विशेष इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान जनता की सुविधा के लिए रामलीला मैदान को पांच हिस्सों में बांटा जाएगा। यहां तीन बड़े मंच तैयार किए जा रहे हैं। इनमें से एक मंच 40 गुणा 24 फीट का होगा, जिस पर सूबे के नये मुख्यमंत्री और मंत्री शपथ लेंगे। साथ ही प्रमुख अतिथि बैठेंगे। वहीं 34 गुणा 40 फीट के दो अन्य मंच होंगे। इन मंचों पर 100 से 150 कुर्सियां लगाई जाएंगी। इन दोनों मंच पर सांसद, विधायक, अन्य बड़े नेता, अधिकारियों तथा अतिथियों को बैठाया जाएगा। इसके अलावा, मंच के सामने आम जनता के लिए करीब 30,000 कुर्सियों की व्यवस्था की जाएगी।

शपथ ग्रहण समारोह को अधिक सुलभ बनाने के लिए मैदान में जगह-जगह पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, ताकि पीछे बैठने वाले लोगों को शपथ ग्रहण समारोह को देखने में परेशानी नहीं हो।

सुरक्षा के मद्देनजर, मैदान में करीब 100 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। समारोह स्थल के मुख्य दरवाजे पर एक प्रतीक्षा कक्ष तैयार किया जाएगा, जहां समारोह से पहले सभी अतिथि, उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य अधिकारी बैठ सकेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विधायकों और उनके परिवारजनों के लिए यहां पर विशेष व्यवस्था की जा रही है। उनके लिए यहां पर 400 कुर्सियां निर्धारित की जाएंगी।

Next Post

जर्मनी से कल्चरल और एजुकेशनल टूर पर आयेगे पर्यटक: प्रमुख सचिव

Mon Feb 17 , 2025
भोपाल, 17 फरवरी (वार्ता) जर्मन ट्रैवल एसोसिएशन (डीआरव्ही) का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल मध्यप्रदेश के पर्यटन बाजार में विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा करने के लिए प्रमुख सचिव संस्कृति और पर्यटन एवं प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला से एमपी टूरिज्म बोर्ड में भेंट की। प्रतिनिधिमंडल पांच दिवसीय फेमिलियराइजेशन […]

You May Like