
झाबुआ। वर्तमान में पश्चिम एशिया से लेकर यूक्रेन तक युद्ध का दौर चल रहा है। ऐसी अनिश्चितताओं के वातावरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा तैयार इस बजट में ‘ट्रांसफॉर्मिंग इंडिया’ को ‘विकसित भारत’ बनाने की चुनौतियों को साधने की कोशिश की गई है। यह बात रविवार को प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने स्थानीय जिला भाजपा कार्यालय पर मिडिया एवं शहर के प्रबुद्धजन से बजट पर चर्चा करते हुए कही। उन्होंने कहा यह बजट ऐसे समय में आया है जब काफी अनिश्चितताएं हैं और वैश्विक आर्थिक परिवेश में बदलाव ने इसे और भी चुनौतीपूर्ण बना दिया है। बजट राष्ट्रीय विकास आवश्यकताओं को राजकोषीय प्राथमिकताओं के साथ संतुलित करता है। मंत्री सुश्री भूरिया ने बताया भारत की अर्थव्यवस्था सभी प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्था में सबसे तेजी से बढ़ाने वाली अर्थव्यवस्था है। पिछले 10 वर्षों में मोदी सरकार के विकास ट्रैक रिकॉर्ड और संरचनात्मक सुधारो ने महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय ध्यान आकर्षित किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने हमेशा राष्ट्र निर्माण में मध्यवर्ग की सराहनीय ऊर्जा और क्षमता पर भरोसा किया है, उनके योगदान को मान्यता देते हुए सरकार ने समय-समय पर उनके कर के बोझ को कम किया है। नई व्यवस्था के अंतर्गत 12 लाख रुपए तक की आय पर कोई आयकर नहीं देना होगा। यह एक महत्वपूर्ण कदम है और देश की जनता ने इस निर्णय का स्वागत किया है। मंत्री भूरिया ने कहा कि जब हम बजट का अध्ययन करते हैं तो इसमें मुख्य रूप से चार लक्ष्य निकलकर सामने आते हैं। जिसमें मुख्य रूप से जीडीपी विकास में तेजी लाना, समावेशी विकास सुनिश्चित करना, निजी क्षेत्र के निवेश को एकीकृत करना और घरेलू निवेश को बढ़ावा देना शामिल है।
इसका लाभ जिले को भी मिलेगा
मंत्री सुश्री भूरिया ने बताया केंद्रीय बजट में वर्ष 2025-26 में क्षेत्रीय परिव्यय में कृषि को 1.71 लाख करोड़ रुपये, ग्रामीण विकास को 2.67 लाख करोड़ रुपये, शहरी विकास और परिवहन को 6.45 लाख करोड़ रुपये, स्वास्थ्य और शिक्षा को 2.27 लाख करोड़ रुपये मिलेंगे। निश्चित तौर पर इसका लाभ हमारे जिले को भी मिलेगा। पिछले 10 वर्षों में हमारी सरकार ने करदाताओं की सुविधा के लिए कई सुधार लागू किए हैं । जैसे फेसलेस असेसमेंट, करदाता चार्टर, तीव्र रिटर्न, लगभग 99ः रिटर्न स्व मूल्यांकन पर आधारित होना तथा विवाद से विश्वास योजना इसका उदाहरण है। वही भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया ने केन्द्रीय बजट को सर्वजन हिताय वाला बजट बताया। इस अवसर पर मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कलसिंह भाबर सहित एलएस नायक, ओमप्रकाश शर्मा, गोैरव खंडेलवाल, सोमसिंह सोलंकी, कृष्णपालसिंह गंगाखेडी, अनोखीलाल मेहता, मनोहर सेठिया आदि उपस्थित थे। पत्रकार वार्ता के अंत में जिला भाजपा के पूर्व मीडिया प्रभारी राजेन्द्र कुमार सोनी के निधन पर उपस्थित पत्रकारों एवं जनप्रतिनिधियों ने दो मिनट का मोैन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
16 झाबुआ-1- पत्रकार वार्ता को संबोधित करते मंत्री सुश्री भूरिया
