भक्तो को अच्छे हो रहे है दर्शन
जयप्रकाश पुरोहित
ओंकारेश्वर: विश्व प्रसिद्ध प्रणव ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर की दर्शन व्यवस्था में दो दिन से बहुत सुधार आ गया है. इससे भक्तों में हर्ष व्याप्त है. सभी भक्तों को अच्छे दर्शन हो रहे है. गर्भ गृह में धक्का मुक्की भी नहीं हो रही है।अव्यवस्था करने वालों पर ब्रेक लग गया है. कलेक्टर, एसपी, एसडीएम, प्रबंधक ट्रस्टि का भक्तों ने आभार व्यक्त किया है.मंदिर में सुरक्षा कर्मी, मंदिर कर्मचारी मिलकर अच्छी व्यवस्था चला रहे है.
उल्लेखनीय है प्रोटोकॉल के नाम पर प्रतिदिन सैकड़ों लोग निकासी द्वार से दर्शन करते थे. इससे निकासी रास्ते में धक्का-मुक्की होती थी और झगड़े फसाद आये दिन होते थे. ओंकारेश्वर मंदिर की व्यवस्था को कोसते हुए भक्त जाते थे. इससे छबि ख़राब हो रही थी. नवभारत ने अव्यवस्थाओं को लेकर समाचार छापे. अनेको बार ट्रस्ट, शासन, प्रशासन का ध्यान आकर्षित करवाया. गौरतलब है कि दो दिन पूर्व हीं नये कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने मंदिर में हो रही अव्यवस्था को संज्ञान में लेकर डिप्टी कलेक्टर मुकेश काशिव को दर्शन व्यवस्था का प्रभारी नियुक्त किया है. उनके नियुक्त होने के बाद उन्होंने मंदिर में बैठना शुरू कर दिया है. इसके साथ हीं धांधलियों पर रोक लग गई है.
दिव्यांग गेट भी खुलवाएं
साथ ही कलेक्टर से निवेदन किया है कि दिव्यांग गेट को भी खुलवाया जाये जिससे दिव्यांग को दस कदम भी नहीं चलना पड़ेगा और दर्शन हो जायेंगे.
इससे मोस्ट वीआईपी को भी दर्शन करवाये जा सकते हैं. किन्तु ट्रस्ट ने इस गेट को बन्द कर रखा है. इसके अलावा गर्भ गृह में एक फीट दूर से दर्शन करवाएं, ज्योतिर्लिंग के सामने रखी स्टील की कम हाइट वाली भेंट पेटी को हटा कर दो फीट ऊँची पीतल की भेंट पेटी रखी जाये तो और अच्छे दर्शन होंगे. भक्त नीचे नहीं झुकेंगे, भेंट भी पेटी में डाल सकेंगे. खड़े-खड़े दर्शन कर निकलते जाएंगे.
