नयी दिल्ली, 15 फरवरी (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस जनता को अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और वह लोगों को प्रभावित करने वाले मुद्दों को दृढ़ता से उठाती रहेगी।
दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आज कहा कि कांग्रेस एक जिम्मेदार विपक्षी पार्टी है, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के 3-4 महीने के कार्यवाही और कार्यकलापों का इंतजार कर रही है और यह देख रही है कि कि जो जनादेश दिल्ली के लोगों ने भाजपा को दिया है उस पर काम करती है या नही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता दिल्ली की समस्याओं को हल करने की होनी चाहिए।
उन्होंने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, “कांग्रेस लोगों को प्रभावित करने वाले मुद्दों को दृढ़ता से उठाएंगी, क्योंकि वह दिल्ली की जनता को अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।” उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा दिल्ली में पहले की प्रचलित योजनाओं को फिर से शुरू करने की बात करना कोई आश्चर्य नहीं है, क्योंकि मोदी सरकार ने वर्ष 2014 में भी यही काम किया था, जब उसने केंद्र में कांग्रेस सरकार की परियोजनाओं को नयी योजना बनाने का काम किया था। इन्हें इस बात की कोई चिंता नहीं कि यह लोगों की भलाई के लिए है या नही?
कांग्रेस नेता ने कहा, “हम विधानसभा प्रत्याशियां से हार के कारणों का पता लगाने के लिए, जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए रोडमैप तैयार करने के लिए संसदीय क्षेत्रों की विधानसभा के कांग्रेस के उम्मीदवारों की बैठकें कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव परिणामों से सबक लेना और उनका अवलोकन करना हमारी प्राथमिकता रहेगी, ताकि आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार हो सके।”
श्री यादव ने कहा कि भाजपा की घोषणाओं पर विश्वास नहीं है कि वह अत्यधिक प्रदूषित यमुना की सफाई को हकीकत में तब्दील करेगी। यमुना को साफ तभी माना जाएगा, जब कोई गहरी डुबकी लगाने पर स्वस्थ रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा के क्रियाकलापों पर गहन नजर रखेगी कि वह सभी चुनाव वादों को पूरा कर रही है या खोखले वादे करके लोगों को धोखा दे रही है जैसे 11 साल तक पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने किया था।
श्री यादव ने कहा कि अगर “शीश महल“ के अवैध निर्माण की जांच का आदेश दिया जाता है या पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ जांच का आदेश दिया जाता है, तो आम आदमी पार्टी(आप) के नेताओं को कानून को अपना काम करने देना चाहिए, क्योंकि सच सामने आना चाहिए। अगर ‘आप’ नेताओं के हाथ साफ है, तो उन्हें जांच से डरना नहीं चाहिए।
उन्होंने कहा कि दिल्ली कांग्रेस ने सबसे पहले शराब नीति में भ्रष्टाचार और मुख्यमंत्री के निवास 6 फ्लैग स्टाफ रोड के निर्माण में सभी नियमों और विनियमों की धज्जियां उड़ाने को जनता के सामने उजागर किया था। अगर ‘आप’ने कुछ गलत नही किया है तो सच्चाई सबके सामने आनी चाहिए, ‘आप’ नेताओं को जांच पर चिंता नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा अब यह दावा कर रही है कि वह केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए दिल्ली विधानसभा में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की 14 रिपोर्टों को सदन में रखेगी, लेकिन आश्चर्यजनक है कि भाजपा ने इन रिपोर्टों को श्री केजरीवाल द्वारा सार्वजनिक नहीं करने पर संसद के सदन में क्यों रखने का प्रयास नहीं किया।
श्री यादव ने कहा कि इंडिया समूह का गठन भाजपा की तानाशाही को रोकने के लिए किया गया था। भाजपा लगातार देश को विभाजित करने और संविधान का उल्लंघन करने की कोशिश कर रही है।
