यूपी के सचिन यादव ने जैवलिन थ्रो में नए राष्ट्रीय खेल रिकॉर्ड के साथ जीता स्वर्ण

लखनऊ, (वार्ता) 38वें राष्ट्रीय खेल में जैवलिन थ्रो में उत्तर प्रदेश के सचिन यादव ने 84.39 मीटर की थ्रो के साथ नया राष्ट्रीय खेल रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा, जैवलिन थ्रो में ही रोहित यादव ने रजत, महिला शॉटपुट में विधि ने रजत, बीच कबड्डी में यूपी की महिला टीम ने रजत और पुरुष टीम ने कांस्य पदक जीता। महिला कुश्ती में भी यूपी को रजत पदक हासिल हुआ।

अब तक यूपी के खिलाड़ी कुल 49 पदक जीत चुके हैं, जिसमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 19 कांस्य पदक शामिल हैं।

देहरादून में हुई एथलेटिक्स स्पर्धाओं में उत्तर प्रदेश के सचिन यादव ने जैवलिन थ्रो में 84.39 मीटर की दूरी तय कर स्वर्ण पदक जीता और नया राष्ट्रीय खेल रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड हरियाणा के राजेंद्र सिंह (82.23 मीटर) के नाम था। उत्तर प्रदेश के रोहित यादव ने 80.47 मीटर की थ्रो कर रजत पदक जीता, जबकि उत्तराखंड के विकास शर्मा (79.33 मीटर) को कांस्य पदक मिला।

महिला शॉटपुट स्पर्धा में यूपी की विधि ने 15.46 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता। पंजाब की जैस्मीन कौर (15.97 मीटर) ने स्वर्ण और दिल्ली की सृष्टि विग (15.46 मीटर) ने कांस्य पदक हासिल किया। बीच कबड्डी में उत्तर प्रदेश की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन फाइनल में हरियाणा से 34-33 से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। पुरुष टीम को कांस्य पदक मिला, जहां सेमीफाइनल में उन्हें राजस्थान ने 44-42 से हराया। महिला कुश्ती के 50 किग्रा वर्ग में यूपी की चंचल ने रजत पदक जीता। उन्हें फाइनल में मध्य प्रदेश की शिवानी ने 8-1 से हराया।

उत्तर प्रदेश की पुरुष हॉकी टीम ने सेमीफाइनल में पंजाब को 5-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस जीत में इंटरनेशनल स्टार शारदानंद ने पेनाल्टी कॉर्नर से दो गोल दागे, जबकि केतन कुशवाहा, अमीर अली और अजीत यादव ने एक-एक गोल किया। अब फाइनल में यूपी का मुकाबला 13 फरवरी को कर्नाटक से होगा।

Next Post

सुधांशु राय की फिल्म बैदा का टीज़र जारी

Thu Feb 13 , 2025
नयी दिल्ली, (वार्ता) अभिनेता सुधांशु राय अभिनीत बहुप्रतीक्षित थ्रिलर फिल्म बैदा का ऑफिसियल टीज़र रिलीज़ कर दिया गया है। फिल्म बैदा की कहानी साइंस-फिक्शन एवं प्राचीन भारतीय मान्यताओं जैसे विशिष्ट तत्वों पर आधारित है। टीज़र की शुरुआत भगवद गीता के श्लोक, नैनं छिंदंति शस्त्राणि नैनं दहति पावक:। न चैनं क्लेदयन्त्यापो […]

You May Like

मनोरंजन