नयी दिल्ली, (वार्ता) अभिनेता सुधांशु राय अभिनीत बहुप्रतीक्षित थ्रिलर फिल्म बैदा का ऑफिसियल टीज़र रिलीज़ कर दिया गया है।
फिल्म बैदा की कहानी साइंस-फिक्शन एवं प्राचीन भारतीय मान्यताओं जैसे विशिष्ट तत्वों पर आधारित है। टीज़र की शुरुआत भगवद गीता के श्लोक, नैनं छिंदंति शस्त्राणि नैनं दहति पावक:। न चैनं क्लेदयन्त्यापो न शोषयति मारुत: से होती है जिसका आशय यह है कि आत्मा अमर है, अनश्वर है। फिल्म बैदा के लगभग एक मिनट 42 सेकेंड लंबे टीजर में फिल्म के मुख्य नायक और कहानीकार अभिनेता सुधांशु राय को एक मायावी अँधेरी दुनिया में फसते और एक शैतानी शक्ति का मुकाबला करते दिखाया गया है।
पुनीत शर्मा निर्देशित बैदा में हितेन तेजवानी और सौरभ राज जैन जैसे कलाकार अपनी पिछली भूमिकाओं के विपरीत किरदार निभा रहे हैं। बैदा से सुधांशु रचित किरदार डॉक्टर शेखावत की भी बड़े परदे पर एंट्री हो रही है, जिसे तरुण खन्ना ने निभाया है। बैदा 21 मार्च को सिनेमा घरों में रिलीज़ होगी।
फिल्म के निर्देशक पुनीत शर्मा ने कहा, ‘बैदा एक दिलचस्प और आकर्षक कहानी का मिश्रण है, जिसमें शक्तिशाली किरदार हैं जो सिने दर्शकों पर एक अमिट छाप छोड़ेंगे।’निर्माताओं ने पहले खुलासा किया था कि बैदा की कहानी को कहानीकार सुधांशु राय ने लिखी है और यह मौजूदा सबसे लोकप्रिय कहानियों में से एक है। फिल्म का बड़ा हिस्सा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और दिल्ली के आस-पास शूट किया गया है। बैदा को कंतारा-फेम प्रतीक शेट्टी ने संपादित किया है। इसके कलाकारों में सुधांशु राय के साथ शोभित सुजय, मनीषा राय, हितेन तेजवानी, तरूण खन्ना, अखलाक अहमद आजाद और सौरभ राज जैन शामिल हैं। इस फिल्म के को प्रोडूसर क्लेलिआ एंजेलौन हैं।
