भाजपा ने तोड़ा गरीबों को सस्ते फ्लैट का वादा: हुड्डा

चंडीगढ़,14 फरवरी (वार्ता) हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनाव से पहले किये गये अपने हरेक वादे से मुकर रही है और जनता के साथ धोखे पर धोखा कर रही है।

श्री हुड्डा ने शनिवार को सस्ती दरों पर फ्लैट देने वाले भाजपा के वादे पर प्रतिक्रिया देते हुये कहा कि ऐसा लगता है कि भाजपा ने लोक कल्याण के लिये नहीं, बल्कि जनता को कदम-कदम पर धोखा देने के लिये ही प्रदेश में सरकार बनाई है।

उन्होंने कहा कि पिछले कई साल से और खासकर चुनाव से पहले भाजपा ने गरीबों को सस्ते फ्लैट देने का सपना दिखाया था। उन्होंने दावा किया था कि पूरे प्रदेश में एक लाख 80 हजार 879 लोगों को सस्ते फ्लैट मुहैया किये जायेंगे, लेकिन तीसरी बार सत्ता हथियाते ही भाजपा ने इस योजना को ही रद्द कर दिया, जबकि भाजपा 2017 से ही इस योजना का खूब ढिंढोरा पीट रही है। भाजपा का कहना था कि प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत गरीबों को सस्ते फ्लैट दिये जायेंगे। इसके लिये सर्वे करने का भी झुनझुना खूब बजाया गया, लेकिन नतीजा शून्य रहा।

श्री हुड्डा ने कहा कि भाजपा पूरी तरह गरीब, दलित और पिछड़ा विरोधी है। इससे पहले यह सरकार कांग्रेस द्वारा शुरू की गयी 100-100 गज के मुफ्त भूखंड आवंटन की योजना को बंद करके अपनी मानसिकता का परिचय दे चुकी है। इस सरकार ने हुडा सेक्टर्स में भूखंड के लिये स्थापित किये गये लकी ड्रॉ सिस्टम को भी बंद कर दिया और बोली के जरिये भूखंड बेचने की योजना शुरू कर दी। साथ ही सरकार द्वारा विभिन्न वर्गों को सेक्टर्स में सस्ते भूखंड मुहैया करवाने की योजना को भी खारिज कर दिया।

Next Post

फायरिंग रेंज मे हैंड ग्रेनेड फटने से किशोर की मौत, दो घायल

Fri Feb 14 , 2025
दतिया। आर्मी की फायरिंग रेंज मे हैंड ग्रेनेड फटने से एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। घटना शुक्रवार को बसई थाना क्षेत्र के जैतपुर गांव स्थित आर्मी की फायरिंग रेज की है। ये तीनों ही वहां पर तांबा, पीतल और लोहा आदि बीनने गए थे। […]

You May Like