भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने संयुक्त प्रेस वार्ता में आज भाजपा सरकार पर ओबीसी समाज के साथ अन्याय का आरोप लगाया।पटवारी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 2019 में अध्यादेश और कानून बनाकर 27% आरक्षण लागू किया था, लेकिन भाजपा ने 2021 में परिपत्र और 2022 में आदेश जारी कर नियुक्तियां रोक दीं। अब तक 87% नियुक्तियां ही हो पाईं और 13% बिना कानूनी आधार के रोक दी गईं, जिससे एक लाख से अधिक अभ्यर्थी प्रभावित हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने आरक्षण रोकने के लिए 100 करोड़ रुपए वकीलों पर खर्च किए।
उमंग सिंघार ने भाजपा पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बुलाई गई 28 अगस्त की सर्वदलीय बैठक केवल दिखावा है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट कई बार सरकार से पूछ चुका है कि 27% आरक्षण लागू क्यों नहीं हुआ। सिंघार ने कहा भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है, वोट चोरी की तरह अब नौकरियां भी चोरी हो रही हैं।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि ओबीसी समाज को उसका हक दिलाना कांग्रेस की प्राथमिकता है और 27% आरक्षण तुरंत लागू होना चाहिए।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, मीडिया विभाग अध्यक्ष डॉ. मुकेश नायक, जेपी धनोपिया और महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल भी मौजूद रहीं।
