नयी दिल्ली, 26 अगस्त (वार्ता) किफायती विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट ने शिलांग हवाई अड्डे पर कागज रहित बोर्डिंग प्रक्रिया शुरू की है।
एयरलाइंस ने मंगलवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इससे यात्रियों को तेज, पर्यावरण-अनुकूल और अधिक सहज चेक-इन का अनुभव मिलेगा। इस नयी सुविधा के साथ हवाई अड्डे के काउंटर पर चेक-इन करने वाले यात्रियों को अब व्हाट्सऐप पर ही अपना बोर्डिंग पास मिल जायेगा, जिससे प्रिंटआउट की आवश्यकता समाप्त हो जायेगी।
स्पाइसजेट ने बताया कि इससे चेक-इन में लगने वाला समय और पर्यावरण को नुकसान में कमी आयेगी। यह स्थिरता और डिजिटल नवाचार के प्रति व्यापक प्रतिबद्धता का हिस्सा है – और यह पहली बार है जब किसी एयरलाइन ने हवाई अड्डे के चेक-इन काउंटरों पर व्हाट्सएप-आधारित बोर्डिंग पास की शुरुआत की है।
पेपरलेस बोर्डिंग सुविधा स्पाइसजेट के स्वदेशी रूप से विकसित वेब डिपार्चर कंट्रोल सिस्टम से संभव हो सका है। यह एक ब्राउजर-आधारित प्लेटफॉर्म है जिसकी मदद से चेक-इन कर्मचारी टैबलेट या मानक एयरपोर्ट चेक-इन कंप्यूटर का उपयोग करके व्हाट्सएप या ईमेल के माध्यम से डिजिटल बोर्डिंग पास और एसएमएस के माध्यम से बैगेज टैग जारी कर सकते हैं।
एयरलाइंस की योजना इस पेपरलेस बोर्डिंग अनुभव का विस्तार देश के दूसरे हवाई अड्डों तक करने की है।
स्पाइसजेट के मुख्य रणनीतिक अधिकारी जी.पी. गुप्ता ने कहा, “शिलांग हवाई अड्डे पर पेपरलेस बोर्डिंग की शुरुआत एक महत्वपूर्ण कदम है। हम निकट भविष्य में इस सुविधा-संचालित पहल का और अधिक हवाई अड्डों पर विस्तार करने के लिए तत्पर हैं।”

