
दतिया। आर्मी की फायरिंग रेंज मे हैंड ग्रेनेड फटने से एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। घटना शुक्रवार को बसई थाना क्षेत्र के जैतपुर गांव स्थित आर्मी की फायरिंग रेज की है। ये तीनों ही वहां पर तांबा, पीतल और लोहा आदि बीनने गए थे। तभी गंगाराम नाम के किशोर को वहां जवानों की फायरिंग के दौरान बिना ब्लास्ट हुए रह गया हैंड ग्रेनेड मिला। जब उसने उसे खोलने की कोशिश की तो उसके हाथ में ही फट गया। इस हादसे में गंगाराम (17) पिता डालू आदिवासी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रामू (23) पिता घनश्याम आदिवासी और मनोज (16) पिता फेरन आदिवासी घायल हो गए। दोनों घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही दोनों घायलों को इलाज के लिए यूपी के झांसी के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
एएसपी सुनील शिवहरे ने बताया कि बसई थाना क्षेत्र के गांव जैतपुर में फायरिंग रेंज है, जिसमें आर्मी जवान फायरिंग करते है। जो बम फटते नहीं है, वहीं पड़े रहते हैं। आज कुछ युवक फायरिंग रेंज में घुसे और बमों से छेड़खानी कर रहे थे जिसके बाद एक बम फट गया। घटना में एक किशोर की मौत हो गई। वहीं दो घायल हैं, दोनों को उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
