
आक्रोशित परिजनों ने बेला-गोविंदगढ़ मार्ग पर किया चक्काजाम
नवभारत न्यूज
सतना . सडक़ पार कर रही महिला को टक्कर मारने के बाद तेज रफ्तार कार पेड़े से जा टकराई. इस घटना के चलते महिला की मौके पर ही मौत हो गई. घटना से आक्रोशित परिजनों ने कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए मार्ग पर चक्काजाम कर दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पडिय़ा में उस वक्त एक दर्दनाक सडक़ हादसा सामने आया जब कार ने महिला को टक्कर मार दी. बताया गया कि ग्राम पडिय़ा निवासी 45 वर्षीय महिला सविता पटेल पति सानू पटेल सुबह के लगभग 10 बजे सडक़ पार कर रही थी. इसी दौरान एक तेज रफ्तार मैरुन रंग की अल्टो कार क्र. एमपी 17 सी ए 4770 वहां से गुजरी. देखते ही देखते कार ने महिला को जबरदस्त टक्कर मार दी. जिसके बाद अनियंत्रित हुई कार सड़े किनारे लगे पेड़ से जा टकराई. वहीं महिला बुरी तरह लहुलुहान महिला बेसुध होकर नीचे गिर पड़ी. घटना होती देख आस पास के लोग भागकर वहां पहुंचे. जिसे देखते हुए कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. वहीं घटना की जानकारी मिलने पर ताला थाना प्रभारी आदित्य सेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. लेकिन घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय रहवासियों ने पुलिस को शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से साफ इंकार कर दिया. इसी कड़ी में परिजनों ने बेला-गोविंदगढ़ मार्ग पर चक्काजाम करते हुए प्रदर्शन शुरु कर दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी शिवकुमार सिंह, अमरपाटन थाना प्रभारी के पी त्रिपाठी भी मौके पर पहुंच गए और परिजनों को समझाने का प्रयास किया. लेकिन परिजन कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे. जिसे देखते हुए रामपुर बघेलान तहसील के मौहारी कटरा नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह ने परिजनों को आश्वासन दिया कि पीडि़त परिजनों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव सहायता की जाएगी. जिसके बाद परिजन मार्ग से हटने को राजी हो सके. वहीं पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते हुए फरार कार चालक की तलाश शुरु कर दी है.
सुरक्षा गार्ड को बस ने रौंदा
मैहर जिले में केजेएस सीमेंट फैक्ट्री मोड़ जीरो प्वाइंट पर गुरुवार की सुबह उस वक्त सडक़ हादसा सामने आया जब एक यात्री बस ने बाइक सवार को रौंद दिया. इस घटना के चलते बाइक सवार गंभीर तौर पर घायल हो गया. जिसे मैहर स्थित सिविल अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज रीवा के लिए रेफर कर दिया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में बतौर सुरक्षा गार्ड पदस्थ विक्रम सिंह अपनी बाइक पर सवार होकर ड्यूटी करने के लिए जा रहे थे. लेकिन मोड़ पर पहुंचते ही बस क्रमांक एन एल 01 बी 7900 ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. सुरक्षा गार्ड की हालत गंभीर बनी हुई है.
