कलेक्टर बनने का सपना लेकर कलेक्टर से मिली नन्हीं वैदेही

आलीराजपुर: मीरा एकेडमी आलीराजपुर के छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर से भेंट कर उनके शैक्षणिक जीवन एवं प्रशासनिक सेवा में आने के अनुभवों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रश्न पूछकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझा।

इस अवसर पर कक्षा चौथी की छात्रा कु. वैदेही राठौड़, पिता श्री पिकेंश राठौड़ ने भविष्य में कलेक्टर बनने की अपनी इच्छा व्यक्त की। बालिका की आकांक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती माथुर ने उसे अपनी कुर्सी पर बैठाया तथा 10 मिनट तक कलेक्टर की भूमिका का अनुभव कराया।

इस अनूठे अनुभव से उत्साहित वैदेही ने कहा कि वह अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अभी से मेहनत करेगी। साथ ही, उसने भविष्य में कलेक्टर बनने पर श्रीमती माथुर को भी अपनी कुर्सी पर बैठाने की बात कही।

कलेक्टर श्रीमती माथुर ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर अध्ययन, अनुशासन एवं परिश्रम के माध्यम से अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने कलेक्टर कार्यालय का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय कार्यों एवं प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

 

जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन का त्वरित निराकरण, बालक को मिली 48 हजार रुपये की प्रायोजन सहायता

आलीराजपुर 13 अक्टूबर 2026। जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन द्वारा त्वरित निराकरण किया गया। इसके तहत बालक दिव्यांशु गुप्ता को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं अन्य विकासात्मक आवश्यकताओं तथा पालन-पोषण के लिए प्रायोजन सहायता स्वीकृत की गई है।

नियम 24(5) के अंतर्गत जारी आदेशानुसार बालक को 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 तक कुल 12 माह की अवधि के लिए प्रतिमाह 4,000 रुपये की दर से कुल 48,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। जिला बाल संरक्षण इकाई को राशि जारी करने तथा आवश्यक अनुवर्ती कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सहायता राशि के लिए बालक के नाम से बैंक खाता खोला जाएगा, जिसका संचालन आदेश में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा।

इस पहल से बालक की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं बेहतर पालन-पोषण संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायता मिलेगी। जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त आवेदन पर त्वरित कार्रवाई कर पात्र हितग्राही को लाभ प्रदान किया गया।

Next Post

अलीराजपुर में सिकल सेल रोग पर CME एवं मरीज जागरूकता और परामर्श कार्यक्रम का किया गया आयोजन

Tue Oct 13 , 2026
अलीराजपुर:सिकल सेल रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित करने तथा रोग से प्रभावित मरीजों को उचित परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय, अलीराजपुर के सभागार में CME (निरंतर चिकित्सा शिक्षा) एवं मरीज जागरूकता, परामर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम […]

You May Like

Play sound