चितरंगी : जनपद पंचायत चितरंगी के तत्वाधान में आज सोमवार को सामुदायिक भवन चितरंगी में खण्ड स्तरीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन मुख्य कार्यपालन अधिकारी मान सिंह सैयाम के निर्देशन में संपन्न हुआ।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष सियादुलारी रही। विशिष्ट अतिथियों में जनपद उपाध्यक्ष कौशल प्रताप सिंह, विधायक प्रतिनिधि प्रभात कुमार सिंह, जनपद सदस्य देवी प्रसाद बैस, प्रवेंद्र धर द्विवेदी तथा तहसीलदार नागेश्वर पनिका सहित विभिन्न विभागों के विभाग प्रमुख एवं अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मॉ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर जनपद सीईओ मान सिंह सैयाम ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की हितग्राहीमूलक योजनाओं सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को लाभ दिलाने के उद्देश्य से जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के प्रति संवेदनशील है। जनकल्याण शिविरों के माध्यम से लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी तथा योजनाओं का लाभ उनके द्वार तक पहुंचाया जा सकेगा। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर आवेदन प्रस्तुत किए।
