इंदौर: चंदन नगर के एक युवक को खजराना इलाके से कुछ बदमाशों ने दिनदहाड़े उठाया और उसे बंधक बनाकर परिजनों से लाखों रुपये की डिमांड कर डाली. पुलिस की मुस्तैदी से युवक को कुछ ही घंटों में ढूंढ निकाला गया, लेकिन मामला अब लेन-देन या किसी अन्य रंजिश की ओर इशारा कर रहा है. घटना खजराना थाना क्षेत्र की है. चंदन नगर इलाके का रहने वाला युवक महफूज खजराना क्षेत्र में बकरा खरीदने के लिए आया हुआ था. परिजनों के मुताबिक, जब महफूज खजराना में मौजूद था, तभी वहां कुछ अज्ञात बदमाश आए और उन्होंने महफूज को घेर लिया.
बदमाशों ने पहले तो महफूज के साथ सरेराह मारपीट की और फिर वहां खड़ी एक सफेद रंग की कार में उसे जबरदस्ती बिठाया और तेजी से फरार हो गए.महफूज के अचानक लापता होने और मारपीट कर ले जाए जाने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया. इसी बीच बदमाशों ने महफूज के परिजनों से संपर्क किया. अपहरणकर्ताओं ने युवक को सुरक्षित छोड़ने के एवज में बीस लाख रुपये की भारी-भरकम फिरौती की मांग की.
फिरौती का फोन आते ही घबराए परिजनों ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया और घटना की पूरी जानकारी आला अधिकारियों को दी.फिरौती और किडनैपिंग की सूचना मिलते ही इंदौर पुलिस तुरंत एक्टिव मोड में आ गई. खजराना पुलिस और साइबर सेल की टीम ने तुरंत अपहृत युवक के मोबाइल और कार के रूट की लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया. पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए जाल बिछाया और त्वरित कार्रवाई करते हुए कालापीपल से युवक महफूज को सकुशल बदमाशों के चंगुल से मुक्त करवा लिया. इसके साथ ही वारदात में शामिल आरोपियों को भी पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है.
भले ही परिजनों ने इसे फिरौती के लिए अपहरण का मामला बताया है, लेकिन पुलिस को इस कहानी में कुछ कड़ियां उलझी हुई नजर आ रही हैं. खजराना थाना टीआई मनोज सेंधव के मुताबिक, शुरुआती कार्रवाई में युवक को मुक्त कराकर आरोपियों को पकड़ लिया गया है, लेकिन फिलहाल इस बात की गहनता से जांच की जा रही है कि युवक को वास्तव में जबरन अगवा कर ले जाया गया था या फिर वह किसी पुराने लेन-देन या आपसी रंजिश के चलते अपनी मर्जी से कार सवारों के साथ गया था
