
छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद का मामला हिंसा में बदल गया, जहां बेटे और बहू ने मिलकर अपने ही माता-पिता के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। इस घटना में 60 वर्षीय आशा वाल्मीकि और उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
घायल आशा वाल्मीकि ने बताया कि उनके बेटे ने कुछ साल पहले प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद से ही घर में विवाद की स्थिति बनी रहती थी। उनका आरोप है कि बहू का व्यवहार परिवार के प्रति ठीक नहीं था और अब वह घर एवं संपत्ति में हिस्सा मांग रही थी।
आशा के अनुसार, उनके पति लंबे समय से बीमार रहते हैं और घर की जिम्मेदारी वह खुद मेहनत कर निभाती हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बहू घर के काम में सहयोग नहीं करती थी और अक्सर विवाद करती रहती थी। बीती रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे और बहू ने मिलकर सास-ससुर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में आशा वाल्मीकि के सिर, आंख, हाथ-पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनके पति का हाथ टूट गया है। घटना के बाद दोनों घायल हालत में जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है।
फिलहाल पीड़िता ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन उन्होंने बेटे और बहू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
