महिला हैमर थ्रो में उत्तर प्रदेश ने किया क्लीन स्वीप

लखनऊ, 10 फरवरी (वार्ता) उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश की महिला एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया, विशेष रूप से महिला हैमर थ्रो स्पर्धा में क्लीन स्वीप करते हुए सभी तीनों पदक अपने नाम किए। देहरादून में सोमवार को हुई एथलेटिक्स की प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश ने सोमवार को एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य जीते।

अब तक उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी 11 स्वर्ण, 12 रजत और 11 कांस्य सहित कुल 34 पदक जीत चुके हैं। वर्तमान में यूपी पदक तालिका में 11वें स्थान पर है।

महिला हैमर थ्रो स्पर्धा में अनुष्का यादव ने 62.89 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीतने के साथ नया नेशनल गेम रिकार्ड भी बनाया। उन्होंने 37वें नेशनल गेम्स-2023 में बनाए यूपी की ही तान्या चौधरी (62.47 मी.) के रिकार्ड को तोड़ा। वहीं, तान्या चौधरी ने 59.74 मीटर थ्रो के साथ रजत पदक जीता, जबकि नंदिनी ने 58.89 मीटर थ्रो कर कांस्य पदक हासिल किया। इस स्पर्धा में उत्तर प्रदेश की एथलीटों का दबदबा ऐसा रहा कि अन्य खिलाड़ी उनके करीब भी नहीं पहुंच सकीं।

इसके अलावा, महिला 3000 मीटर स्टीपल चेज़ में रेबी पाल ने 10:37.15 के समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक उत्तराखंड (9:53.63) की अंकिता ने जीता, जबकि मध्य प्रदेश की मंजू यादव (10:15.70) को रजत पदक मिला।

दूसरी ओर हरिद्वार में चल रही हॉकी की प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की पुरुष हॉकी टीम ने तमिलनाडु को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है। उत्तर प्रदेश की अब सेमीफाइनल में 12 फरवरी को पंजाब से टक्कर होगी। इससे पहले उत्तर प्रदेश ने उत्तराखंड को 9-1 से, हरियाणा को 2-1 से हराकर और महाराष्ट्र से 0-0 के स्कोर से ड्रा खेल पूल में शीर्ष स्थान हासिल किया।

 

 

Next Post

डोगरा और वधावन ने जम्मू-कश्मीर की पारी को संभाला

Mon Feb 10 , 2025
पुणे 10 फरवरी (वार्ता) कप्तान पारस डोगरा (नाबाद 73) और कन्हैया वधावन (नाबाद 42) रनों की शानदार पारियों की मदद से जम्मू कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी के पहले क्वार्टर फाइनल में सोमवार को दूसरी पारी में तीन विकेट पर 180 रन बना लिये है। केरल ने कल के नौ विकेट […]

You May Like