15 तक मिल सकता है भाजपा को नया प्रदेशाध्यक्ष

सियासत

मध्यप्रदेश भाजपा का बहुप्रतीक्षित अध्यक्ष के नाम का ऐलान इसी माह के दूसरे हफ्ते तक होने की संभावना है. इस पद की रायशुमारी के लिए लिस्ट भी केन्द्रीय हाईकमान तक पहुंच गई है. प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए केन्द्र से पर्यवेक्षक के तौर पर आ रहे केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के मध्यप्रदेश दौरे के साथ ही चुनाव में और गति आ जाएगी.सूत्रों के अनुसार मध्यप्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान फरवरी के दूसरे हफ्ते तक होने की संभावना है।माना जा रहा है 15 फरवरी तक पार्टी हाईकमान की ओर से मध्यप्रदेश को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा.

इससे पहले अनुमान था कि फरवरी के पहले हफ्ते में भी ऐलान हो जाएगा, लेकिन अब माना जा रहा है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ये तारीख आगे खिसका दी गई है. दरअसल, मप्र पार्टी के आदर्श संगठनों में गिना जाता है. लिहाजा, यहां प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव नेतृत्व के लिए कोई बहुत कठिन टास्क नहीं है. निगाह इस पर है कि पार्टी का चुनाव फार्मूला क्या होता है. चूंकि शांतिकाल है, अभी मध्यप्रदश चुनाव के लिए पूरे 4 साल का समय है. लिहाजा, इस तरह की अटकलें भी हैं कि पार्टी कोई नया प्रयोग भी कर सकती है. 2003 से अब तक जिस फार्मूले पर चली है, उसमें सरकार का चेहरा पिछड़ा वर्ग से चुना गया है और संगठन में अमूमन सवर्ण को ही मौका दिया गया है.

2002-03 में जब पार्टी 10 साल के कांग्रेस शासन में विपक्ष में रहने के बाद सत्ता में आई थी, उस समय भी पार्टी की कमान वरिष्ठ दिवंगत नेता कैलाश जोशी के हाथ में थी. उनके बाद फिर ये जिम्मदारी फिर सवर्ण नेता नरेन्द्र सिंह तोमर ने संभाली. तोमर के बाद फिर प्रभात झा हों, नंद कुमार सिंह चौहान, राकेश सिंह या फिर वीडी शर्मा 2003 से 2024 तक सवर्ण चेहरे को ही मौका पार्टी ने दिया है. दलित वर्ग को साधने के मद्देनजर पहले भी आदिवासी चेहरे को कमान देने की बात हुई थी. फग्गन सिंह कुलस्ते का नाम एक बार प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए सबसे मजबूत माना जा रहा था, लेकिन आखिरी समय में पत्ता कट गया था. इस बार फिर आदिवासी चेहरे के तौर पर फग्गन सिंह कुलस्ते का नाम सुर्खियो में हैं. इनके अलावा नए आदिवासी चेहरे के तौर पर सुमेर सिंह सोलंकी, गजेंद्र सिंह पटेल और हिमाद्री सिंह का भी नाम भी चर्चा में है.

चुनाव प्रक्रिया
भाजपा में चरणबद्ध तरीके से जो चुनाव होते हैं, उसमें जिलाअध्यक्ष के चुनाव के बाद प्रदेशअध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया शुरू होती है. इसके लिए प्रदेश परिषद के सदस्य चुने जाते हैं, जिनमें 4 सांसदों के अलावा 16 विधायक होते हैं. जिसमें से चयन इस तरह से होता है कि हर असेम्बली से एक रिप्रजेंटेशन हो. फिर दो विधानसभा के हिसाब से क्लस्टर बनाया जाता है. सारे जिलाध्यक्ष भी इसमें शामिल किए जाते हैं. इन सदस्यों के जरिए प्रदेशअध्यक्ष का निर्वाचन पूरा होता है. पार्टी का दावा है कि सब कुछ अपनी प्रक्रिया से चल रहा है. तय समय आने पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान भी हो जाएगा.

चर्चा में कौन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए जिन चेहरों को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा है. उनमें सबसे मजबूत नाम बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल का है. उनके अलावा पूर्व मंत्री डॉ.नरोत्तम मिश्रा, आदिवासी नेता फग्गन सिंह कुलस्ते, हिमाद्री सिंह, गजेंद्र सिंह पटेल, सुमेर सिंह सोलंकी के नाम भी दौड़ में हैं. इनके अलावा महिला कोटे से अर्चना चिटणीस और कविता पाटीदार का भी नाम है. वहीं पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया का नाम भी इस पद के लिए चल रहा है

Next Post

मलखम्ब में जिम्मेदारों का गैर जरूरी दखल

Sun Feb 9 , 2025
खिलाड़ी पहुंचे हाई कोर्ट तो पक्ष में हुआ फैसला पात्र टीम का चयन न करने पर मुख्यमंत्री के नाम सौपा ज्ञापन 11 फरवरी से उत्तराखंड में होगी प्रतियोगिता उज्जैन: हाई कोर्ट के दिशा निर्देशों के बावजूद जिम्मेदारों ने मलखम्ब खिलाड़ियों और पात्र टीम का चयन नहीं किया. इसको लेकर खिलाड़ियों […]

You May Like