सतना/मैहर: रविवार शाम मैहर–सतना बायपास मार्ग पर रामपथ गमन के पास हुए सड़क हादसे में दो मोटर साइकिल सवार दुर्घटनाग्रस्त हो गए। अज्ञात वाहन की तेज टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना शाम 7 बजे के आसपास हुई। मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 19 ND 1088) पर सवार पुष्पेंदु कोल (19 वर्ष) और मोहित कोल (16 वर्ष) निवासी ग्राम सोनवारी, नई दिल्ली ग्राम उचेहरा में काम खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तीव्र थी कि पुष्पेंदु कोल को सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोहित कोल गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की और डायल-112 को सूचना दी। पहुँची एम्बुलेंस ने दोनों को सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने पुष्पेंदु को मृत घोषित कर दिया। मोहित की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया।
