
भोपाल, 08 फरवरी (वार्ता) दिल्ली विधानसभा चुनाव में ढाई दशक बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सत्ता में वापसी पर पार्टी के मध्यप्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की अगुवाई में आज यहां प्रदेश पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा स्वयं पार्टी कार्यालय परिसर में पार्टी का ध्वज लहराते नजर आए। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर सभी को पार्टी की जीत की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
श्री शर्मा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की विजय पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि पार्टी की यह प्रचंड जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और सुशासन पर जनता की मोहर है। उन्होंने कहा कि जनता जर्नादन “आप-दा” सरकार के भ्रष्टाचार, कुशासन, घर घर शराब पहुंचाने की कुनीति और झूठ के सहारे भ्रम फैलाने के प्रपंच से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी थी।
श्री शर्मा ने पार्टी की विजय का शानदार बताते हुए कहा कि वे इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा, दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने विजयी प्रत्याशियों को भी शुभकामनाएं दी हैं।
प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री हितानंद, अन्य पदाधिकारियों, राज्य सरकार के मंत्रियों और नेताओं ने भी भाजपा की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्रीय संगठन को बधाई दी है।
