महाकुंभ नगर 05 फरवरी (वार्ता) प्रयागराज महाकुंभ में आस्था का सैलाब थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को भी संगम नगरी में 68 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगायी।
अधिकृत जानकारी के अनुसार आज शाम आठ बजे तक त्रिवेणी में 67 लाख 68 हजार श्रद्धालु स्नान कर चुके थे जिनमें कल्पवासियों की संख्या दस लाख थी। कल्पवास 12 फरवरी को माघी पूर्णिमा पर समाप्त हो जायेगा। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के सभी इंतजाम किये गये हैं।
आज पूर्वान्ह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी संगम में स्नान किया और सूर्य देवता को अर्घ्य देकर राष्ट्र की सुख समृद्धि की कामना की। दूसरी ओर बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल अपने पिता के साथ त्रिवेणी स्नान के लिये प्रयागराज पहुंची। वीवीआईपी के आगमन के बावजूद आम श्रद्धालुओं को स्नान ध्यान में किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
