
बैरसिया। भोपाल (देहात) जिले में नवागत पुलिस अधीक्षक के रूप में पंकज कुुमार पांडेय द्वारा सोमवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया गया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से परिचय प्राप्त किया , तथा जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सतत कार्यवाही की जाए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण बनाए रखना है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही पुलिस अधीक्षक ने भोपाल ग्रामीण वासियों से अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
