नयी दिल्ली, 05 फरवरी (वार्ता) टाटा समूह की प्रमुख लाइफस्टाइल और आभूषण ब्रांड कंपनी टाइटन का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में शुद्ध मुनाफा इसके पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 1053 करोड़ रुपये से 0.6 प्रतिशत की मामूली गिरावट लेकर 1047 करोड़ रुपये पर आ गया।
टाइटन ने बुधवार को बताया कि उसने वित्त वर्ष 2024-25 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 17723 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो वित्त वर्ष 2023-24 की तीसरी तिमाही के 14122 करोड़ रुपये से 25.5 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी ने बताया कि आभूषण व्यवसाय में उसकी खुदरा बिक्री 25 प्रतिशत से अधिक बढ़ी, जिससे सोने की मजबूत मांग स्पष्ट होती है। एनालॉग घड़ियों के क्षेत्र में भी 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे ब्रांड की बाजार पकड़ मजबूत हुई। आईकेयर सेगमेंट फिर से दहाई अंकों की वृद्धि की ओर लौट आया, जो एक सकारात्मक संकेत है। इस तिमाही में इन्वेंट्री पर सीमा शुल्क से संबंधित घाटा भी पूरी तरह से वसूला जा चुका है।
टाइटन के प्रबंध निदेशक सी. के. वेंकटरमण ने कहा, “त्योहारी तिमाही ने वित्त वर्ष 2025 के विकास पथ को मजबूती से स्थापित किया है। आभूषणों ने अब तक की सबसे मजबूत तिमाही देखी है और उपभोक्ताओं की सोने के प्रति रुचि बनी हुई है। कंपनी उभरते व्यवसायों में निवेश जारी रखेगी और वित्त वर्ष 2024 की तुलना में बेहतर वृद्धि की उम्मीद करती है।
