मध्यप्रदेश में चालीस लाख हेक्टेयर क्षेत्र में नर्मदा जल से सिंचाई होती है-यादव

हरदा, 04 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज प्रदेश के हरदा जिले में 316 करोड़ रुपयों के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया।
डॉ यादव ने कहा कि मां नर्मदा की धारा चैतन्य है, इसके दर्शन मात्र से ही सभी धन्य हो जाते हैं। प्रदेश का सिंचाई रकबा 48 लाख हेक्टेयर से अधिक है, जिसमें से 40 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में मां नर्मदा के जल से सिंचाई होती है।
मुख्यमंत्री ने आज नर्मदा जयंती के अवसर पर उपस्थित सभी नागरिकों को नर्मदा जयंती की शुभकामनाएं दी। उन्होंने हरदा जिले के छीपानेर में नर्मदा किनारे ‘वेदगर्भा घाट’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने 316 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण/ भूमि पूजन भी किया।
डॉ यादव ने हरदा जिले में एक नई आईटीआई संस्था स्वीकृत करने तथा गोंदागांव में सरकारी खर्चे पर सर्वसुविधा युक्त गौशाला स्वीकृत करने की घोषणा की। कार्यक्रम में डारा इंजीनियरिंग प्रायवेट लिमिटेड के मेनेजिंग डायरेक्टर डॉ. पप्पू राम विश्नोई ने इस अवसर पर वेदिक विद्या पीठम् चिचोट के विकास के लिये 1 करोड़ रूपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर प्रदेश के सहकारिता तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री व हरदा जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग‌ सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य अतिथि, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई के रकबे का तेजी से विस्तार हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से प्रदेश में केन बेतवा और पार्वती काली सिंध चंबल नदी जोड़ो परियोजनाएं प्रारंभ हुई है, जिनके परिणाम स्वरुप हम 1 करोड़ हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई के लक्ष्य को पूरा कर पाएंगे। इन दोनों परियोजनाओं में प्रदेश को लगभग 1 लाख 75 हजार करोड़ रुपए की राशि प्राप्त होगी। यह प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हर वर्ग के कल्याण के लिए गरीब महिला किसान और युवा कल्याण मिशन प्रारंभ किए गए हैं। युवा कल्याण मिशन के माध्यम से हम वर्ष 2028 तक प्रदेश के 70 प्रतिशत युवाओं को स्वावलंबी बनाएंगे। गरीबों को भी समय पर इलाज मिले इसके लिए प्रदेश में एयर एंबुलेंस सेवा प्रारंभ की गई है। इसके माध्यम से गंभीर मरीजों को अस्पताल तक के जाने के लिए निःशुल्क हवाईजहाज/हेलीकॉप्टर सेवा प्रदान की जाती है।
डॉ यादव ने यहां 316.20 करोड़ रूपये के निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया, जिनमें 130.32 करोड़ रूपये लागत 21 कार्यों का भूमि पूजन तथा 185.87 करोड़ रूपये लागत के 97 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने ग्राम चिचोट कुटी में नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण द्वारा नर्मदा नदी के तट पर 11.07 करोड़ रूपये लागत से बनवाये गये घाट निर्माण का अवलोकन कर लोकार्पण किया।

Next Post

सिल्क टूरिज्म के रूप में विकसित होगा मढ़ई

Tue Feb 4 , 2025
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email भोपाल, 04 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि सिल्क टूरिज्म के विकास से रेशम का व्यापक प्रचार प्रसार होगा और लोग रेशम का उपयोग करने के लिए प्रेरित होंगे। […]

You May Like