मुंबई, 31 जनवरी (वार्ता) मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) क्षेत्र में इस वर्ष जनवरी तक 11773 से अधिक घरों की बिक्री होने का अनुमान है, जिससे महाराष्ट्र को 952 करोड़ रुपये से अधिक का स्टाम्प ड्यूटी राजस्व प्राप्त होगा।
यह आंकड़ा न केवल जनवरी 2024 की तुलना में 7.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है बल्कि यह पिछले 13 वर्षों में जनवरी माह के लिए सबसे अधिक संपत्ति पंजीकरण की संख्या भी है।महाराष्ट्र में स्टाम्प ड्यूटी संग्रह में सालाना आधार पर 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो उच्च-मूल्य वाले लेनदेन में वृद्धि को दर्शाता है। यह रियल एस्टेट सेक्टर में मजबूत मांग और खरीदारी की प्रवृत्ति को दर्शाता है, जिसे सकारात्मक उपभोक्ता भावना, स्थिर आर्थिक स्थिति और बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे के विकास जैसे कारकों ने समर्थन दिया है।
पिछले वर्ष 2024 के दिसंबर में किए गए कुल पंजीकरणों में से 80 प्रतिशत केवल आवासीय संपत्तियों से संबंधित थे, जो यह स्पष्ट करता है कि मुंबई में लोगों की आवासीय संपत्तियों में रुचि लगातार बनी हुई है। इस बढ़ती हुई प्रवृत्ति से यह भी संकेत मिलता है कि लोग मुंबई में संपत्ति को एक सुरक्षित और दीर्घकालिक निवेश के रूप में देख रहे हैं।
अजमेरा रियल्टी एंड इंफ्रा इंडिया लिमिटेड के निदेशक धवल अजमेरा ने जनवरी 2025 में मुंबई के घरों की बिक्री के आंकड़ों पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “वर्ष 2025 की शुरुआत मुंबई रियल एस्टेट बाजार के लिए सकारात्मक रही है। जनवरी के दौरान इस द्वीप शहर ने पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक बिक्री दर्ज की, जिसमें 10,000 से अधिक इकाइयां बिकीं, जो साल-दर-साल 5.5 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती हैं।”
उन्होंने कहा कि जनवरी की बिक्री के आंकड़े गुणवत्तापूर्ण आवास की निरंतर मांग को दर्शाते हैं। मुंबई में यह प्रवृत्ति जारी रहने की संभावना है क्योंकि आर्थिक स्थिति मजबूत बनी हुई है और मध्य-खंड एवं लक्जरी सेगमेंट में खरीदारों का झुकाव लगातार बढ़ रहा है।
श्री अजमेरा ने आगे कहा कि “पूर्वी और पश्चिमी दोनों परिधियों में तटीय सड़कों और मेट्रो लाइनों जैसे बड़े बुनियादी ढांचा विकास कार्यों ने शहर में आवागमन के अनुभव को पूरी तरह बदल दिया है। इसका सीधा प्रभाव विभिन्न सूक्ष्म बाजारों पर पड़ा है, जिससे सायन-घाटकोपर बेल्ट (पूर्वी उपनगर), अंधेरी-बोरीवली बेल्ट (उत्तरी उपनगर) और वडाला-सिवरी बेल्ट (दक्षिण मुंबई) में आवासीय अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि रियल एस्टेट की मांग की गतिशीलता मजबूत बनी रहेगी और मुंबई बड़े पैमाने पर सामाजिक पुनर्विकास और बुनियादी ढांचे में सुधार के दौर से गुजर रहा है। हमें पूरा विश्वास है कि इस साल उद्योग की बिक्री नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी।
