नयी दिल्ली 29 जनवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने यहां रोज़ाना हो रही अवैध शराब की बरामदगी पर चिंता जताते हुए कहा है कि कल पंजाब में निर्मित शराब की 2069 बोतलें बरामद हुयीं और ये बोतलें बकोली से बरामद हुयीं, जो आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी का गांव है।
श्री सचदेवा ने बुधवार को कहा कि यह साफ दर्शाता है कि इसमें पंजाब और दिल्ली सरकार की मिलीभगत है और शराब आप की ओर से चुनाव के दौरान बांटने के लिए मंगाई गयी थी।
उन्होंने दिल्ली के चुनाव अधिकारी से मांग की है कि वह दिल्ली की सीमाओं पर सतर्कता बढ़ायें और दिल्ली पुलिस तथा आबकारी विभाग को सख्त कार्रवाई का निर्देश दें।
भाजपा नेता ने कहा कि दिल्ली में गत तीन दशक में कभी भी इतनी बड़ी तादाद में अवैध शराब नहीं पकड़ी गई है और यह साफ तौर पर राजनीतिक खेल है।
