नयी दिल्ली, 09 मार्च (वार्ता) निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो की रोस्टर प्रबंधन में विफलता एक बार फिर सामने आयी है, लंदन से मुंबई आ रही फ्लाइट को पायलट-ड्यूटी से संबंधित नियमों के कारण काहिरा में उतारना पड़ा।
सूत्रों ने बताया कि उड़ान संख्या 6ई 2 लंदन से मुंबई जा रही थी, लेकिन पायलट की ड्यूटी की अधिकतम सीमा का उल्लंघन हो रहा था, इसलिए उड़ान को मिस्र की राजधानी काहिरा में उतारा गया। उन्होंने बताया कि उड़ान काहिरा से मंगलवार सुबह मुंबई के लिए उड़ान भरेगी।
उड़ानों की ट्रैकिंग करने वाली एजेंसी फ्लाइट रडार के अनुसार, यह उड़ान भारतीय समय के अनुसार, सोमवार तड़के 3.05 बजे लंदन से रवाना हुई थी और पूर्वाह्न 11.50 बजे काहिरा में उतरी।
सूत्रों के अनुसार, विमान में 250 से ज्यादा यात्री सवार थे। यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की गयी है।
संपर्क किये जाने पर इंडिगो के एक प्रवक्ता ने इस बात कि पुष्टि की कि पायलट के आराम की अवधि पूरी होने के बाद उड़ान मंगलवार सुबह काहिरा से चलेगी।
उल्लेखनीय है कि फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिट (एफडीटीएल) के नियमों के अनुरूप ड्यूटी रोस्टर तैयार करने में इंडिगो प्रबंधन की विफलता के कारण पिछले साल दिसंबर में बड़ा संकट पैदा हो गया था और दिसंबर के पहले सप्ताह में हजारों की संख्या में उड़ानें रद्द की गयी थी।
