पुलिस ने शहर की 2 चोरियों के खुलासे का किया दावा
सतना : शहर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच राहत भरी खबर सिविल लाइन थाने पुलिस से तब मिली जब उनके द्वारा दो चोरियों के खुलासे का दावा किया गया. लेकिन यह राहत भी तब ऊंट के मुंह में जीरा साबित होती नजर आने लगी जब लाखों की चोरी के बीच महज 25 हजार रु का सामान ही बरामद हो सका. वहीं घटना में शामिल एक आरोपी ही दबोचा जा सका है, जबकि उसके साथियों की तलाश फिलहाल जारी है.
शहर के उत्तरी पतेरी क्षेत्र में रहने वाले सत्येंद्र मिश्रा के घर में 3 महीने पहले चोरी की घटना हुई थी. चोरों ने धावा बोलते हुए लाखों के जेवर और नकदी पार कर दी थी. इसी कड़ी में शहर के बगहा वार्ड क्र. 4 आनंद विहार कालोनी के निवासी विनीत कुमार झा के सूने घर में चोरों ने धावा बोलते हुए लाखों रुपए की नकदी और जेवर अपने साथ ले गए थे. दोनों ही घटनाओं की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई गई थी. जिसके चलते पुलिस द्वारा धारा 331 और 305 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज करते हुए जांच-कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था. दोनों ही फरियादियों को लग रहा था कि देर-सबेर पुलिस की कार्रवाई जरुर रंग लाएगी.
वहीं पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिरों को सक्रिय करने के साथ ही साइबर सेल की मदद भी ली जा रही थी. इसी कड़ी में पुलिस ने संदेह के आधार पर संग्राम कालोनी निवासी सावन वंशकार पिता जुगुल उम्र 20 वर्ष को दबोच लिया. कड़ाई से ही गई पूछताछ में सावन ने स्वीकार किया कि उत्तरी पतेरी और बगहा के मकान में उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी की थी. लिहाजा पुलिस ने आरोपी की तस्दीक पर चोरी का सामान बरामद कर लिया. लेकिन जब चोरी के सामान की पहचान करने के लिए फरियादी थाने पहुंचे तो बरामद सामान ऊंट के मुह में जीरा साबित हुआ. फरियादियों के अनुसार उनके घर से लाखों रु के जेवर चोरी हुए थे. लेकिन बरामद सामान में चांदी के थोड़े से गहने ही नजर आ रहे हैं. वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी के साथियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है. जिनके पकड़े जाने पर चोरी का और सामान बरामद होने की संभावना है.
चुराई गई टीवी बरामद
मैहर शहर के चण्डी माता मंदिर के सामने स्थित श्रद्धा इलेक्ट्रानिक्स नामक दुकान से 3 दिन पहले दिन दहाड़े स्मार्ट टीवी चोरी हो गई थी. दुकान संचालक की शिकायत पर पुलिस ने शहर और दुकान के आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरु की. जिसके जरिए चोरी करने वाले की पहचान अंकित सोनी पिता मोहनलाल उम्र 24 वर्ष निवासी पुरानी बस्ती मैहर के तौर पर हुई. लिहाजा पुलिस ने आरोपी को दबोचते हुए उसकी तस्दीक पर चुराई गई एलईडी स्मार्ट टीवी बरामद कर लिया
