मुंबई 24 जनवरी (वार्ता) दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी जियो ने गणतंत्र दिवस पर अपनी नई सेवा जियोसाउंडपे लॉन्च करने की घोषणा की है।
कंपनी ने शुक्रवार को बयान जारी कर बताया कि यह सेवा जियोभारत फोन पर आजीवन मुफ्त उपलब्ध होगी और यूपीआई (एकीकृत भुगतान इंटरफेस) भुगतान के लिए साउंड बॉक्स की आवश्यकता को समाप्त करेगी। यह सुविधा किसी भी मोबाइल फोन पर उपलब्ध अपने आप में पहली है, जिससे देश के पांच करोड़ से अधिक छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को लाभ होगा।
जियोसाउंडपे यूपीआई भुगतान का तुरंत, बहुभाषी ऑडियो अलर्ट प्रदान करेगा, जिससे किराना स्टोर, सब्जी विक्रेता और छोटे रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के लिए कारोबार करना और सरल हो जाएगा। वर्तमान में व्यापारी साउंड बॉक्स के लिए हर महीने लगभग 125 रुपये खर्च करते हैं। जियोसाउंडपे के मुफ्त होने से जियोभारत फोन उपयोगकर्ता सालाना लगभग 1,500 रुपये तक की बचत कर सकते हैं। देश के 75वें गणतंत्र दिवस को विशेष बनाने के लिए जियोसाउंडपे पर वंदे मातरम की आधुनिक धुनें भी शामिल की गई हैं।
जियो के अध्यक्ष सुनील दत्त ने कहा, “जियो का उद्देश्य हर भारतीय को तकनीक के जरिए सशक्त बनाना है। जियोसाउंडपे के जरिए हम डिजिटल भारत के निर्माण में एक महत्वपूर्ण कदम उठा रहे हैं और भारत की भावना का जश्न मना रहे हैं।”
