इंदौर-मुंबई रूट पर तेजस ट्रेन के फेरे एक माह और बढ़े

इंदौर: इंदौर-मुंबई रेल रूट पर लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या को देखते हुए रेलवे ने तेजस सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन के फेरे एक माह के लिए और बढ़ा दिए हैं. अब यह ट्रेन 28 फरवरी तक संचालित की जाएगी. रेलवे के इस फैसले से दोनों शहरों के बीच सफर करने वाले यात्रियों को कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है.जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि मुंबई सेंट्रल से इंदौर के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 09085 मुंबई सेंट्रल-इंदौर तेजस सुपरफास्ट स्पेशल, जिसका अंतिम फेरा पहले शनिवार 30 जनवरी तक निर्धारित था, मगर अब इसे 27 फरवरी 2026 तक मुंबई सेंट्रल से प्रति सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलाया जाएगा. उनका कहना है कि इंदौर-मुंबई के बीच चलने वाली अवंतिका एक्सप्रेस में लगातार वेटिंग की स्थिति बनी रहती है. इसी कारण तेजस ट्रेन को भी यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है. हालांकि तेजस का किराया अपेक्षाकृत अधिक है और समय भी पूरी तरह अनुकूल नहीं माना जा रहा, इसके बावजूद यात्री इसमें सफर करना पसंद कर रहे हैं.

रूट, कोच संरचना, दिन और ठहराव यथावत
वर्तमान में इस रूट पर यात्रियों का दबाव इतना अधिक है कि कई बार बसों में भी सीट मिलना मुश्किल हो जाता है. इसी तरह ट्रेन संख्या 09086 इंदौर-मुंबई सेंट्रल तेजस सुपरफास्ट स्पेशल, जिसका अंतिम फेरा 31 जनवरी यानि शनिवार तक तय था, उसे 28 फरवरी तक इंदौर से प्रति मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलाया जाएगा. यह ट्रेन पहले से तय मार्ग, कोच संरचना, दिन और ठहराव के अनुसार ही संचालित होगी. इनमें किसी तरह का बदलाव नहीं किया है. रेलवे ने इसके लिए बुकिंग भी शुरू कर दी है.

तीन श्रेणियों में निर्धारित है किराया
तेजस ट्रेन में यात्रियों के लिए तीन श्रेणियों में किराया निर्धारित है. एसी थ्री-टियर का किराया 1,805 रुपये है, जिसमें बेस फेयर, रिजर्वेशन चार्ज, सुपरफास्ट चार्ज और जीएसटी शामिल है. एसी टू-टियर श्रेणी में किराया 2,430 रुपये तय किया गया है, जबकि एसी फर्स्ट क्लास का किराया 3,800 रुपये है

Next Post

फर्जी दस्तावेजों से केनरा बैंक से लिया 40 लाख का लोन

Sun Feb 1 , 2026
इंदौर:संपत्ति के फर्जी और कूट-रचित दस्तावेजों के आधार पर केनरा बैंक से 40 लाख रुपए का ऋण लेने के मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने बड़ी कार्रवाई की है. ईओडब्ल्यू ने बैंक अधिकारियों सहित कुल पांच आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज […]

You May Like