उधारी को लेकर बीच सड़क पर मारपीट, युवक पर बरसे लाठी-डंडे; वीडियो वायरल होने के बाद दोनों पक्षों पर FIR

कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र के झिंझरी में उधारी के सामान को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। बीच सड़क एक युवक की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने हरकत में आते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर मामला दर्ज कर लिया है।

 

सामान न देने पर बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, घटना ग्राम गनियारी स्थित एक किराना दुकान की है। यहां विक्रम नामक युवक सामान खरीदने पहुंचा था। दुकान पर बैठे आकाश बर्मन ने जब उधारी में सामान देने से मना किया, तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि आक्रोशित होकर विक्रम ने आकाश को थप्पड़ मार दिया और हाथापाई करने लगा।

 

बीच सड़क लाठी-डंडों से हमला

घटना के कुछ देर बाद मामला और बिगड़ गया। आकाश के पक्ष से प्रेमलाल बर्मन, अपने बेटे आशीष, भाई विजय और भतीजे विशाल के साथ पहुंचे और विक्रम को बीच सड़क पर घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से विक्रम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई और किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया।

 

पुलिस ने दर्ज की क्रॉस FIR

मामले में शुरुआत में झिंझरी पुलिस चौकी ने प्रेमलाल बर्मन की शिकायत पर विक्रम और मोनू तिवारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। हालांकि, मारपीट का वीडियो सामने आने और पीड़ित विक्रम की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के प्रेमलाल, आकाश, विजय और विशाल बर्मन के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं के तहत काउंटर FIR दर्ज कर ली है।

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दोनों मामलों की गहनता से जांच की जा रही है।

Next Post

बिरला ने पूर्व लोक सभा अध्यक्ष पी.ए. संगमा को दी श्रद्धांजलि

Tue Sep 1 , 2026
नयी दिल्ली, 01 सितंबर (वार्ता) लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को पूर्व लोक सभा अध्यक्ष पी.ए. संगमा की जयंती के अवसर पर संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। लोक सभा सचिवालय की ओर से बताया गया कि लोक सभा अध्यक्ष के अलावा […]

You May Like

मनोरंजन