दृष्टिबाधित कलाकारों ने बांधा सुरों का समां

जबलपुर। गोल बाजार स्थित महाकौशल शहीद स्मारक ऑडिटोरियम शनिवार शाम सदाबहार फिल्मी गीतों की सुरमयी प्रस्तुतियों से गूंज उठा। मुंबई की ‘उड़ान’ संस्था और महाकौशल शहीद स्मारक ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘सदाबहार नगमे’ में दृष्टिबाधित गायकों और वाद्य कलाकारों ने लोकप्रिय हिंदी फिल्मी गीतों की प्रस्तुतियों से श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं। ‘ब्लाइंड ऑर्केस्ट्रा एंड ब्लाइंड सिंगर्स म्यूजिकल नाइट’ में बिपिन ने ‘यारी है ईमान मेरा यार मेरी जिंदगी’, नौशीना ने ‘निगाहें मिलाने को जी चाहता है’, अशोक ने ‘नैन लड़ गईये’ और अतुल-दीपक ने ‘एक चतुर नार’ प्रस्तुत कर माहौल संगीतमय कर दिया।

नौशीना और अतुल की युगल प्रस्तुति ‘मेरे ढोलना’ को भी खूब सराहना मिली। कीबोर्ड पर नितिन, तबला एवं ढोलक पर सचिन और ऑक्टोपैड पर संजीव ने प्रभावी संगत की। कार्यक्रम में अनुपमा पालन ने सूत्रधार की भूमिका निभाते हुए गीतों और कलाकारों से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने ‘जाने जा ढूंढता फिर रहा’ और ‘एक मैं और एक तू’ गीत भी प्रस्तुत किए, जबकि मंच संचालन समीर ने किया। कार्यक्रम की पहल करने वाले वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. एच.बी. पालन ने कलाकारों का स्वागत किया। समाजसेवी भगवान दास धीरावाणी और चिकित्सक डॉ. राजेश धीरावाणी ने ‘उड़ान’ के कलाकारों को प्रोत्साहन स्वरूप एक लाख रुपये का चेक भेंट किया और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। प्रो. पालन ने कहा कि ‘सदाबहार नगमे’ का उद्देश्य दृष्टिबाधित कलाकारों को सम्मानजनक मंच देना है। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से साबित किया कि प्रतिभा को अवसर और प्रोत्साहन मिले तो शारीरिक सीमाएं उसकी राह में बाधा नहीं बनतीं। कार्यक्रम के दौरान श्रोताओं ने तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया और सदाबहार गीतों के साथ पुरानी फिल्मी यादों को भी ताजा किया।

Next Post

पांढुरना में अल्प समय के लिए रूके केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान,लोगों ने किया गर्मजोशी से स्वागत

Sat Sep 26 , 2026
पांढुरना,केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को नागपुर से भोपाल जाने के दौरान अल्प समय के लिए पांढुरना नगर जिला मुख्यालय के लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस में रुके इस दौरान भाजपा नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने इनका गर्मजोशी से स्वागत कर पांढुरना को जिले के […]

You May Like