भैरूंदा। नगर के इंदौर रोड मार्ग पर वीर तेजाजी की आदमकद प्रतिमा का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया. इस मौके पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधिवत अनावरण किया. समारोह में पूर्व मंत्री कमल पटेल और क्षेत्रीय विधायक रमाकांत भार्गव सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर वीर तेजाजी को श्रद्धांजलि अर्पित की.
सभा को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने वीर तेजाजी के पराक्रम, त्याग और सत्यनिष्ठा का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि महापुरुषों का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत होता है और हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए. उन्होंने प्रतिमा के समक्ष नमन करते हुए संकल्प व्यक्त किया कि वे अपने जीवन में मानवीय मूल्यों की सेवा निरंतर करते रहेंगे. उन्होंने कहा, जीवन क्षणभंगुर है, एक दिन सब कुछ छोड़कर जाना है, लेकिन प्रयास ऐसा होना चाहिए कि हमारे जाने के बाद भी हमारे मूल्य और कर्म याद किए जाएं. मीडिया से चर्चा में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वीर तेजाजी ने सत्य के मार्ग पर चलते हुए जीवन जिया. उनके त्याग, तपस्या और बलिदान को आज की पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूती मिले.
