नई दिल्ली, 19 सितम्बर (वार्ता ) घरेलू फैब्लेस सेमीकंडक्टर कंपनी अहीसा डिजिटल इनोवेशन्स ने देश में विकसित एवं डिज़ाइन किए ब्रॉडबैंड नेटवर्किंग चिप विहान ‑I का अनावरण किया है और अगले साल तक इसे व्यावसायिक रूप से प्रस्तुत करने की उसकी योजना है। अहीसा डिजिटल इनोवेशन्स के डायरेक्टर एवं चीफ ग्रोथ ऑफिसर साकेत सिंह ने कहा ,”विहान‑I के साथ हमारे पास भारत में डिज़ाइन किया गया, भारतीय टीम द्वारा बनाया गया और भारत के नेटवर्क्स के लिए तैयार सिलिकॉन है। अब हमारा ध्यान इस चिप को देश के ब्रॉडबैंड और टेलीकॉम उपकरण निर्माताओं तक पहुँचाने पर है।”
कंपनी की शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि नयी दिल्ली में सेमीकॉन इंडिया 2026 के दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव उपस्थित में इस चिप का अनावरण किया गया। विहान‑I को देश में डिज़ाइन किया गया पहला चिप बताते हुए कंपनी ने कहा है कि इसे ब्रॉडबैंड और फाइबर नेटवर्क्स के लिए बनाया गया है। यह घरों और दफ्तरों में इस्तेमाल होने वाले इंटरनेट उपकरणों के मुख्य कार्यों को एक ही भारतीय डिज़ाइन किए गए चिप पर लाता है। इसे ओपन‑स्टैंडर्ड आरआईसी‑पांच आर्किटेक्चर पर बनाया गया है और सी-डैक द्वारा विकसित वेगा प्रोसेसर से संचालित है। कंपनी ने कहा है कि यह आज देश के टेलीकॉम और ब्रॉडबैंड नेटवर्क्स में इस्तेमाल होने वाले आयातित सिलिकॉन का मेड इन इंडिया विकल्प है। संस्थापक एवं सीईओ श्रीधरन मणि ने बयान में कहा कि विहान‑I इस बात का प्रमाण है कि एक विकसित भारत उन्नत तकनीक का उपयोग कर सकता है और उसे स्वयं डिज़ाइन भी कर सकता है।

