नयी दिल्ली, 23 जनवरी (वार्ता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी(आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्लीवालों से किए सारे वादे पूरे करेंगे।
श्री मान ने गुरुवार को दिल्ली के कस्तूरबा नगर, महरौली और छतरपुर विधानसभा में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल रोड शो और जनसभाएं कीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि “आप’’ की नीयत साफ है। अरविंद केजरीवाल दिल्लीवालों से किए सारे वादे पूरे करेंगे। उन्होंने कहा, “हम लड़ाई की नहीं, पढ़ाई, बिजली, इलाज, पानी, फ्री बस सेवा, महिलाओं को 2100 रुपए देकर सम्मान देने की बात करते हैं। दिल्ली चुनाव में भाजपा के पास कोई एजेंडा नहीं है और कांग्रेस का कहीं कोई झंडा नहीं है। भाजपा पहले सबके खाते में 15-15 लाख रुपए दे, फिर दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपए महीना देने की बात करे।”
उन्होंने कहा , “दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार ने कई विपरीत परिस्थितियों में भी काम करके दिखाया। यह नीयत की बात होती है। अगर नीयत सच्ची हो तो कोई काम रोक नहीं सकता। जनता साथ हो तो कोई काम बिल्कुल नहीं रोक सकता। हम लोग गांव और गलियों से निकलकर आए हुए हैं इसलिए हमें पता है कि लोगों की दुख तकलीफें क्या हैं?”
श्री मान ने कहा कि दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल को अपने दिल में बसाया और उनके दिल में भी दिल्ली के लोग रहते हैं। उन्होंने कहा , “हम राजनीति में कोई पैसा कमाने नहीं आए हैं। हम लड़ाई की बात करने वाले नहीं बच्चों की पढ़ाई की बात करने वाले हैं। हम अस्पतालों, बिजली, पानी, सड़कों, महिलाओं के लिए मुफ्त बस सफर देने और महिलाओं के खाते में हर महीने 2100 रुपए देकर उनका मान सम्मान बढ़ाने की बात करते हैं। भाजपा वाले हमेशा लड़ाई की बात करते हैं। सुबह-शाम कभी केजरीवाल को तो कभी किसी को गालियां देते हैं।”
उन्होंने कहा, “इस झाडू से पहले हम केवल अपना मकान या दुकान साफ करते थे लेकिन अब अरविंद केजरीवाल की अनुवाई में पूरा हिंदुस्तान साफ किया जाएगा। आगामी 16 मार्च को पंजाब में हमारी सरकार के तीन साल पूरे हो जाएंगे। इन तीन सालों में 50,000 नौजवानों को सरकारी नौकरी देकर आज आपके सामने खड़ा हूं। किसी को सिफारिश नहीं लगानी पड़ी और किसी को पैसा नहीं देना पड़ा। पंजाब में भी 90 फीसद घरों में बिजली का बिल जीरो आता है। पंजाब में हमने गारंटी से ज्यादा काम करके दिखाया।”
उन्होंने कहा कि देश के 20 राज्यों में भाजपा की सरकार है लेकिन कहीं मुफ्त बिजली, अच्छे स्कूल या अस्पताल नहीं हैं। गुजरात में तो इनकी 30 साल से सरकार है। इनकी नीयत साफ नहीं है। ये कामों को रोकते हैं।
