ब्रिसबेन, 05 दिसंबर (वार्ता) जेक वेदरॉल्ड (72),मार्नस लाबुशेन (65) और कप्तान स्टीव स्मिथ (61) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज के डे-नाईट दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन इंग्लैंड के खिलाफ स्टंप्स के समय छह विकेट गंवाकर 378 रन बनाकर 44 रनों की बढ़त के साथ मैच पर अपनी पकड़ बना ली है। आज यहां इंग्लैंड ने कल के नौ विकेट पर 325 रनों से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में ब्रेंडन डॉगेट ने जोफ्रा आर्चर को आउटकर इंग्लैंड की पहली पारी का 76.2 ओवर में 334 के स्कोर पर अंत कर दिया। जो रूट 206 गेंदों में 15 चौके और एक छक्का लगाते हुए (नाबाद 138) रनों की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क ने छह विकेट लिये। माइकल नीसर, ब्रेंडन डॉगेट और स्कॉट बोलैंड ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रैविस हेड और जेक वेदरॉल्ड की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 77 रन जोड़े। 14वें ओवर में ब्राइडन कार्स ने ट्रैविस हेड (33) को आउटकर ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका दिया। तीसरे नंबर के बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने वेदरॉल्ड के साथ अभी 69 रन जोड़े थे कि 26वें ओवर में जोफ्रा आर्चर ने जेक वेदरॉल्ड को पगबाधा आउटकर पवेलियन भेज दिया। जेक वेदरॉल्ड ने 78 गेंदों में 12 चौके और एक छक्का लगाते हुए 72 रन बनाये। वहीं मार्सन लाबुशेन ने नौ चौके और एक छक्के की सहायता से 65 रनों की पारी खेली। वहीं कप्तान स्टीव स्मिथ ने 85 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के लगाते हुए 61 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। कैमरन ग्रीन (45), जॉश इंग्लिस 23 रन बनाकर आउट हुये। दिन का खेल समाप्त होने के समय ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में छह विकेट पर 378 रन बनाकर 44 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। एलेक्स कैरी (नाबाद 45) और माइकल नीसर (नाबाद 15) क्रीज पर मौजूद थे।
इंग्लैंड की ओर से ब्राइडन कार्स ने तीन विकेट लिये। बेन स्टोक्स को दो विकेट मिले। जोफ्रा आर्चर ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

