सकारात्मक प्रयासों को प्रोत्साहित करना सशक्त समाज की नींव: शुक्ल

भोपाल, 22 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि आज मध्यप्रदेश को एक उत्कृष्ट निवेश गंतव्य के रूप में देखा जा रहा है। राज्य की सकारात्मक नीतियाँ, सहयोगी वातावरण, प्राकृतिक संसाधन, कुशल मानवशक्ति के साथ यहाँ का शांत वातावरण और सुदृढ़ कानून व्यवस्था इसे निवेश के लिये एक आदर्श स्थान बनाते हैं।

श्री शुक्ल होटल मैरियट भोपाल में मीडिया समूह के ‘पुलिस अवार्ड-2025’ कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जब राज्य समृद्ध होता है तो उसके साथ चुनौतियां भी आती हैं, इसके लिये सतत सतर्क और सजग रहना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि नशा प्रदेश के लिए एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग नशे का धंधा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई कर रहा है। पुलिस विभाग के कार्यों के चलते अपराधियों के हौसले पस्त हो गए हैं, जिससे प्रदेश विकास की राह पर निरंतर अग्रसर है। उन्होंने देश के भविष्य को संवारने और सशक्त करने के लिये नशा मुक्ति के प्रयासों को सघन और अधिक प्रभावी बनाने का आवहान किया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि अपराध नियंत्रण के जन-जागरूकता लाना भी अत्यंत आवश्यक है, ताकि अपराध की घटनाओं को नैतिक दबाव के माध्यम से जड़ से खत्म किया जा सके।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक पद महत्वपूर्ण है और पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य कर समाज को समृद्ध और सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट भावना और कर्तव्य निष्ठा के भावों के संचार से समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। उन्होंने कहा कि मीडिया केवल नकारात्मक खबरों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि सकारात्मक कार्यों और उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने 26 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया।

भोपाल कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्रा ने कहा कि जब कोई वर्दी में होता है, तो वह पूरे विभाग का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से वर्दी की गरिमा को बढ़ाने के लिए पूर्ण ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करने का आग्रह किया। कमिश्नर श्री मिश्रा ने कहा कि मीडिया का समाज पर गहरा प्रभाव होता है।

 

 

Next Post

गणतंत्र दिवस पर संस्कृति मंत्रालय की झांकी में दिखेगा विकसित राष्ट्र में संस्कृति, नवाचार का योगदान

Wed Jan 22 , 2025
नयी दिल्ली, 22 जनवरी (वार्ता) राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर इस वर्ष की गणतंत्र दिवस परेड में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की ओर से प्रस्तुत की जाने वाली झांकी में देश की सांस्कृतिक विविधता, रचनात्मकता और समृद्ध धरोहर का भव्य प्रदर्शन दिखेगा। मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, यह […]

You May Like