एक्सीडेंट में बेसुध हुए युवक की बाइक चोरी 

भोपाल, 21 जनवरी. नजीराबाद इलाके में एक्सीडेंट के दौरान बेसुध हुए एक युवक की बाइक चोरी का मामला सामने आया है. तलाश करने के बाद भी जब बाइक नहीं मिली तो पीडि़त ने थाने जाकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई. कई अन्य स्थानों से भी बदमाश दोपहिया वाहन चोरी कर ले गए हैं. जानकारी के अनुसार विनोद अहिरवार (27) ग्राम सोचना, थाना मुरवास जिला विदिशा का रहने वाला है और खेती किसानी करता है. बीती 15 जनवरी को वह नजीराबाद स्थित ग्राम कोलूखेड़ी दुर्गा मंदिर में दर्शन करने गया था. शाम करीब साढ़े सात बजे वह मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहा था. ग्राम कोलूखेड़ी पुलिया के पास अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे वह बाइक समेत सड़क किनारे गिर पड़ा. गिरने के कारण उसे चक्कर आ गया तो राहगीरों ने उसे उठाकर सड़क किनारे बिठाया और उसकी बाइक वहीं पर पड़ी रही. कुछ देर बाद होश आने पर वह घटनास्थल के पास पहुंचा तो बाइक नहीं मिली. आसपास के इलाके में तलाश करने के बाद भी जब बाइक का कुछ पता नहीं चला तो सोमवार को विनोद ने थाने जाकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई. दुकान के पास खड़ी स्कूटर चोरी मंगलवारा पुलिस ने बताया कि वर्धमान ग्रीन पार्क कालोनी अशोका गार्डन में रहने वाले अखिल श्रीवास्तव भारत टाकीज ब्रिज के नीचे टाईल्स की दुकान चलाते हैं. बीती सोलह जनवरी को उन्होंने अपनी स्कूटर दुकान के पास लॉक करके खड़ी की थी. दुकान बंद कर घर जाते समय देखा तो उनकी स्कूटर गायब हो चुकी थी. उसके बाद वह परिवार के साथ कुंभ स्नान के लिए प्रयागराज चले गए थे. वापस लौटने के बाद थाने जाकर स्कूटर चोर की रिपोर्ट दर्ज कराई. गार्डन की पार्किंग से बाइक चोरी कोहेफिजा पुलिस ने बताया कि शिवशक्ति नगर में रहने वाले अमर सिंह बोरिले एक शापिंग मॉल में सेल्समैन का काम करते हैं. बीती 19 जनवरी की रात वह एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हलालपुरा स्थित स्वागत गार्डन पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने अपनी बाइक गार्डन की पार्किंग में खड़ी की और अंदर चले गए. रात करीब पौने ग्यारह बजे बाइक उठाने के लिए पार्किंग में पहुुंचे तो बाइक चोरी हो चुकी थी. कई अन्य दोपहिया ले उड़े बदमाश दुकान के सामने खड़ा आटो गायब अशोका गार्डन थानांतर्गत अस्सी फीट रोड स्थित दुकान के सामने खड़ा रिजवान खान का आटो चोरी चला गया. इसी प्रकार सोनपुरा खजूरीकला अवधपुरी से रोहित, एमपी नगर जोन दो से लखन मीना, मिसरोद के रुकमणि कालेज से लखन मीना, कोतवाली स्थित नगर निगम पार्किंग से राजेश यादव और गिन्नौरी तलैया से फईम राजा की बाइक चोरी चली गई. पुलिस ने सभी मामलों में अज्ञात वाहन चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.

Next Post

वाहन चोरी करने वाले 2 शातिर बदमाश गिरफ्तार 

Tue Jan 21 , 2025
3 लाख रुपये कीमत के 5 दोपहिया वाहन बरामद भोपाल, 21 जनवरी. अवधपुरी पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले 2 शातिर बदमाशों को गिरफ्फ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 3 लाख रुपए कीमत के कुल 5 वाहन बरामद किए गए हैं. पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ भोपाल के […]

You May Like