वेतन नहीं मिलने से नाराज ड्रायवर ने चोरी कर ली क्रेन 

बड़े भाई और दोस्त समेत तीन को किया गिरफ्तार

पंप के सामने से चोरी हुई 15 लाख की क्रेन बरामद

भोपाल, 19 जनवरी. निशातपुरा थाने के करोंद चौराहा स्थित पेट्रोल पंप के सामने से चोरी हुई 15 लाख रुपये की क्रेन पुलिस ने बरामद कर ली है. इस मामले में क्रेन के पुराने ड्रायवर, उसके बड़े भाई और दोस्त समेत कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. मालिक द्वारा समय पर वेतन का भुगतान नहीं करने से ड्रायवर नाराज था, इसलिए उसने मौका पाते ही क्रेन चोरी कर ली थी. आरोपी क्रेन को विदिशा पहुंचकर किसी को बेच पाते, उसके पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया. जानकारी के अनुसार पानी की टंकी के पास विश्वकर्मा नगर करोंद निवासी अंकित साहू ड्रायवरी करता है. फिलहाल वह रमेश कुमार ठाकुर का टाटा क्रेन चलाता है. बीती पंद्रह जनवरी की रात करीब आठ बजे अंकित ने टाटा क्रेन करोंद चौराहा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास खड़ी की और मालिक को बताने के बाद चाबी लेकर अपने घर चला गया. अगली सुबह करीब दस बजे पेट्रोल पंप पर पहुंचा तो टाटा क्रेन गायब थी. इसकी जानकारी उसने क्रेन मालिक रामेश कुमार ठाकुर और सुपरवाइजर प्यारेभाई को दी तो वह दोनों भी मौके पर पहुंच गए. तीनों ने आसपास के हर संभावित स्थानों पर क्रेन की तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला. उसके बाद निशातपुरा थाने जाकर क्रेन चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई. चोरी गई क्रेन कीमत 15 लाख रुपए बताई गई थी. 60 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के साथ ही अन्य इलाकों तथा टोल नाकों पर लगे 60 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों को वीडियो और फुटेज चैक किए. इसके साथ ही मुखबिरों को सक्रिय किया और बैरसिया तथा विदिशा जाने वाले मार्गों पर लोगों से पूछताछ की. इसी दौरान सूचना मिली कि पेट्रोल पंप के सामने से चोरी हुई क्रेन को उसके पुराने ड्रायवर प्रदीप कुशवाहा ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की है और उसे विदिशा की तरफ ले जाया गया है. इस सूचना के बाद पुलिस ने विदिशा मार्ग पर आरोपियों की तलाश की तो एक खाली स्थान पर सड़क किनारे खड़ी क्रेन दिखाई दी. क्रेन के पास ही तीन लड़के घूम रहे थे. पुलिस पहुंची तो तीनों लड़कों ने भागने का प्रयास किया, जिन्हें घेराबंदी कर दबोच लिया गया. पूछताछ पर उन्होंने अपने नाम प्रदीप कुशवाहा (24), उसका बड़ा भाई राजू कुशवाहा (27) निवासी ग्राम खेजड़ा, थाना शमशाबाद और दोस्त रामकुमार रैकवार (26) निवासी ग्राम बैरखेड़ी थाना कुरवाई जिला विदिशा बताए. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर चोरी की गई क्रेन जब्त कर ली है. इसलिए दिया घटना को अंजाम प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी प्रदीप कुशवाहा ने बताया कि वह पहले इसी क्रेन पर ड्रायवरी करता था, लेकिन क्रेन मालिक समय पर वेतन का भुगतान नहीं करता था. इसलिए उसने नौकरी छोड़ दी और मालिक की क्रेन चोरी करने की योजना बनाई. इस योजना में उसने अपने बड़े भाई और दोस्त को शामिल किया था. तीनों क्रेन चोरी कर उसे बेचने की फिराक में थे, लेकिन उसके पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया.

Next Post

हेड कांस्टेबल का पर्स चुराकर खाते से निकाले 40 हजार 

Sun Jan 19 , 2025
. भोपाल, 19 जनवरी. कोहेफिजा थाने में पदस्थ एक हेड कांस्टेबल के जेब से बदमाश ने पर्स चोरी कर लिया. बाद में पर्स में रखे एटीएम की मदद से खाते से 40 हजार रुपए निकाल लिए. बैंक से रुपये कटने का मैसेज आने के बाद हेड कांस्टेबल को घटना का […]

You May Like