जनता केजरीवाल को चौथी बार मुख्यमंत्री बनाने को तैयार : आप

नयी दिल्ली, 17 जनवरी (वार्ता) आम आदमी पार्टी(आप) ने कहा कि दिल्ली में इस बार फिर झाड़ू चलेगी और यहां की जनता अरविंद केजरीवाल को चौथी बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए तैयार है।

आप के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आज विकासपुरी, द्वारका और मटियाला विधानसभा में ‘आप’ प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान श्री सिंह ने कहा कि दिल्ली में इस बार फिर झाड़ू चलेगी। दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल को चौथी बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए तैयार है। आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी तो महिलाओं के खाते में हर महीने 2100 रुपए दिया जाएगा और संजीवनी योजना लागू करके 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों का सारा इलाज मुफ्त कराया जाएगा।

श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद जब अरविंद केजरीवाल सरकारी स्कूलों का दौरा करने जाते थे तो वह देखते थे कि बच्चे टाट पट्टी पर बैठकर पढ़ रहे थे। स्कूल में मकड़ी के जाले लगे हुए होते थे। बच्चियों के लिए शौचालय का इंतजाम नहीं था। आज उन्हीं सरकारी स्कूलों में अरविंद केजरीवाल ने बच्चों की पढ़ाई के लिए एयर कंडीशन क्लासरूम बनाने का काम किया है।

उन्होंने कहा , “अरविंद केजरीवाल सिर्फ वादा नहीं करते हैं बल्कि गांरटी देते हैं। मैं गारंटी दे रहा हूं कि अरविंद केजरीवाल फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे तो दिल्ली की महिलाओं के अकाउंट में 2100 रुपए प्रतिमाह सम्मान राशि के रूप में दिए जाएंगे। एक घर में अगर पांच महिलाएं हैं तो उस घर में महीने में 10,500 आएंगे। साथ ही, जिन 60 साल के बुजुर्गों को उनके बच्चे छोड़ देते हैं, उन बुजुर्गों का जिम्मा अरविंद केजरीवाल ने लिया है। उन्होंने ‘संजीवनी योजना’ के तहत बुजुर्गों का मुफ्त इलाज की घोषणा की है।”

आप नेता ने कहा कि भाजपा का काम झगड़ा कराना है। इनसे होशियार रहने की जरूरत है। यह लोगों को कोई भविष्य नहीं दे सकते हैं। भाजपा बच्चों के लिए स्कूल नहीं बना सकते हैं। जनता के लिए अस्पताल नहीं बना सकते हैं। यह श्मशान बनाने वाली पार्टी है।

Next Post

खजराना गणेश पर शुरू हुआ तिल चतुर्थी मेला

Fri Jan 17 , 2025
इंदौर :  खजराना गणेश मंदिर में तिल चतुर्थी मेले की शुरुआत हुई. करोड़ों के आभूषण से सजे नजर आएं खजराना गणेश भगवान को लगा सवा लाख लड्डूओं का भोग खजराना गणेश मंदिर परिसर में सजा पुष्प बंगला ध्वज पूजन और अभिषेक से हुई उत्सव की शुरूआत कलेक्टर और निगमायुक्त ने […]

You May Like