पुलिस की सख्ती से बावजूद खूब बिका चायना का मांझा
इंदौर:शहर में प्रतिबंधित चायना मांझे का उपयोग लगातार बढ़ रहा है और इस कारण एक माह में तीन गंभीर हादसे सामने आए हैं, जिनमें लोग घायल हुए हैं. पुलिस द्वारा चायना मांझे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, फिर भी यह मांझा खुले बाजारों में धड़ल्ले से बिक रहा है. पुलिस ने कई बार छापेमारी कर प्रतिबंधित चायना मांझे को जब्त किया है और कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है, बावजूद इसके मंगलवार को शहर में उड़ने वाली अधिकांश पतंगे चायना मांझे से ही उड़ी. यह स्थिति तब है जब प्रशासन द्वारा इस मांझे की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा रखा है.
पुलिस प्रशासन द्वारा शहर में चाइना डोर पर प्रतिबंध लगाने के बावजूद इसकी बिक्री बड़ी मात्रा में नजर आ रही है और इसी के चलते फिर चार बड़ी घटनाएं सामने आई हैं. पिछले दिनों जहां अपने पति के साथ मंदिर में दर्शन करने जा रही महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी. महिला ने इस पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. घायल मीना वर्मा ने बताया कि वह छत्रीपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं और अपने पति के साथ रणजीत हनुमान मंदिर दर्शन करने जा रही थीं. तभी अचानक कहीं से चायना की डोर उनके गले पर आकर लगी और वह घायल हो गईं. उनके पति ने उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनके गले के दस टांके और गले के बाहर 12 टांके लगाए.
उन्होंने सोशल मीडिया पर भी कहा है कि ऐसी डोर पर प्रतिबंध लगाना चाहिए. उन्होंने कहा कि शासन ने भले ही इस पर प्रतिबंध लगा दिया है लेकिन कोई उचित कार्रवाई नहीं होती है और इस कारण से इस तरह से लोग घायल हो रहे हैं. इसी तरह की एक घटना रविवार को सामने आई, चायना डोर से एक युवक घायल हो गया. खलघाट निवासी सोनू वर्मा जब दोपहर में धामनोद से अपने गांव लौट रहे थे, तभी खलघाट चौराहे पर उड़ती हुई चायना डोर उनके गले में जा फंसी, जिससे उनके गले पर घाव हो गए. सोनू ने बताया कि मैंने सतर्कता दिखाते हुए अपनी बाइक रोकी और एक हाथ से डोर को पकड़ लिया, जिससे गले और उंगली पर घाव हो गए. इसके बाद उन्होंने अपने परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचकर इलाज करवाया. इसी तरह का एक मामला सिमरोल थाना क्षेत्र में सामने आया. यहां रहने वाले एक बुजुर्ग चायना डोर से उलझकर घायल हो गए. उनके गले के साथ ही हाथ पर भी गंभीर चोट आई. समय रहते उन्होंने डोर को पकड़ लिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट नहीं आई. घटना कल शाम सिमरोल रोड पर साईं मंदिर ब्रिज के पास की है.
पुलिस ने कई जगह से जब्त किया था प्रतिबंधित चायना का मांझा
प्रतिबंधित चाइनीज मांझे को लेकर शहर में रोजाना कार्रवाई की जा रही है. सेंटर कोतवाली पुलिस को प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री की सूचना पर दो लोगों को पकड़ा और उन पर कार्रवाई की है. इसी तरह संयोगितागंज पुलिस ने भी दो लोगों को पकड़कर उनके पास से प्रतिबंधित मांझा जब्त किया था. हीरानगर पुलिस ने भी कार्रवाई की, बजरंग नगर क्षेत्र से पुलिस ने प्रतिबंधित डोर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया था. बावजूद इसके, शहर के आसमान पर उड़ने वाली 80 प्रतिशत पतंगे प्रतिबंधित चायना मांझे के साथ उड़ान भर रही हैं.
चोरी-छिपे बेच रहे
शहर के विभिन्न बाजारों में चायना डोर की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। कई दुकानदार इस प्रतिबंधित डोर को चोरी-छिपे बेच रहे हैं, ताकि प्रशासन की नजरों से बच सकें. डोर की कीमत भी काफी कम है, जिससे युवा और बच्चे इसे आसानी से खरीद लेते हैं.
लोग इसे खरीदने से बचें
पुलिस और प्रशासन का कहना है कि चायना डोर की खरीदी व बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के बावजूद यदि कोई दुकानदार इसका उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. वहीं पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे इस प्रकार की डोर की खरीदारी से बचें और किसी भी संदिग्ध स्थिति की जानकारी पुलिस को दें.
