
विजयपुर। क्षेत्र के हुल्लपुर निवासी प्रीतम रावत ने अपनी पांच माह से लापता पत्नी की तलाश के लिए पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है। प्रीतम ने बताया कि उनकी पत्नी मनीषा रावत, जो थोड़ी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं, 8 अगस्त 2024 को बिना किसी सूचना के घर से चली गईं। प्रीतम ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने विजयपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई, लेकिन अब तक उनकी पत्नी का कोई सुराग नहीं मिल पाया। उन्होंने एसपी को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि सबलगढ़ क्षेत्र के ग्राम खो निवासी महेश रावत उनकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। जिस पर पुलिस अधीक्षक ने प्रीतम को भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और जल्द से जल्द उनकी पत्नी को ढूंढने का प्रयास किया जाएगा। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, और परिवार न्याय की उम्मीद कर रहा है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
इनका कहना है:
08 अगस्त को जब मैं घर पहुंचा तो पत्नी वहां नहीं थी। मेरे भाई ने बताया कि वह बिना किसी सूचना के कहीं चली गई है। मैंने तुरंत थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। बाद में जानकारी मिली कि महेश रावत उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मैंने एसपी से उसे छुड़वाने की अपील की है।
प्रीतम रावत निवासी हुल्लपुर
