
दोपहिया वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश
हीरानगर पुलिस ने 15 लाख के वाहन बरामद किए
नवभारत न्यूज
इंदौर. हीरानगर पुलिस ने दोपहिया वाहन चुराने वाले शातिर गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से लगभग 15 लाख के 7 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें 5 बुलेट, 1 यामाहा आरएक्स 15 और 1 बजाज पल्सर शामिल हैं. आरोपी अपने मंहगे शौक पूरे करने के लिए चोरी की घटना को अंजाम देते थे. पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है.
हीरानगर थाना प्रभारी पीएल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी उपकरणों के साथ ही 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों तक पहुंचने में सफलता पाई. थाना प्रभारी ने बताया कि बुधवार 8 जनवरी को हीरानगर पुलिस द्वारा की जा रही वाहन चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल को रोका, वाहन चालक से दस्तावेज पूछने पर उसने इनकार कर दिया. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ये मोटरसाइकिलें हीरानगर थाना क्षेत्र से चुराई थीं. इस पर पुलिस ने धार जिले के ग्राम इडरिया थाना अमझेरा में रहने वाले 29 वर्षीय विशाल कौशल के साथ धार जिले के ही ग्राम राजपुरा में रहने वाले 23 वर्षीय अनुराग बरखा को गिरफ्तार कर लिया.
कैसे दिया जाता था चोरी को अंजाम
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी विशाल कौशल और अनुराग बरखा ने बताया कि वह धार जिले के अमझेरा क्षेत्र के निवासी हैं. दोनों आरोपी दिन में इंदौर शहर में आकर महंगे दोपहिया वाहनों की रेकी करते और रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देते. वाहन चुराने के बाद आरोपी उनकी नंबर प्लेट हटा देते थे, ताकि वाहन की पहचान न हो सके.
शौक पूरे करने के लिए करते थे चोरी
पुलिस के अनुसार, आरोपी वाहन चोरी से मिले पैसे का इस्तेमाल अपनी अय्याशी और महंगे शौक पूरे करने में करते थे. पुलिस ने चोरी किए गए सभी 7 वाहनों को जब्त कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. पुलिस आरोपियों के अन्य वारदातों में संलिप्तता की जांच कर रही है. पुलिस को उम्मीद है कि इनसे और भी चोरियों का खुलासा हो सकता है.
