मोबाइल-जेवरात समेत 2.36 लाख का माल बरामद 

जीआरपी के हत्थे चढ़ा शातिर बदमाश

सोते यात्रियों का करता था सामान चोरी

भोपाल, 9 जनवरी. चलती ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले एक शातिर बदमाश को जीआरपी इटारसी ने गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और जेवरात समेत करीब 2.36 लाख रुपये का माल बरामद हुआ है. प्रारंभिक पूछताछ में आधा दर्जन वारदातों का खुलासा हुआ. वह ट्रेनों में सोते समय यात्रियों का सामान चोरी कर उतर जाता था. आरोपी से अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ की जा रही है. जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक रेल राहुल कुमार लोढ़ा ने चलती ट्रेनों और प्लेटफार्म पर यात्रियों का सामान चोरी करने वाले बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष निर्देश दिए हैं. इसी तारतम्य में जीआरपी के सभी थानों में बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं. इसी बीच इटारसी जीआरपी को सूचना मिली कि प्लेटफार्म क्रमांक-7 स्थित बेस किचन के पास खंडवा छोर की तरफ एक संदेही युवक मौजूद है, जो ट्रेनों में चोरी करता है. सूचना के बाद थाना प्रभारी रामस्नेह चौहान के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखकर संदेही ने भागने का प्रयास किया, जिसे घेराबंदी कर दबोच लिया गया. घर से बरामद हुआ चोरी का सामान पूछताछ के दौरान संदेही ने अपना नाम शिवम बस्तरवार पुत्र राजेंद्र कुमार (20) निवासी जाटव मोहल्ला इटारसी बताया. थाने लाकर पूछताछ करने पर उसने चलती ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करना स्वीकार किया और चोरी का सामान घर पर रखा होना बताया. पुलिस टीम उसे लेकर घर पहुंची, जहां मकान की मरम्मत का कार्य चल रहा था, इसलिए पूरा सामान छत पर रखा था. शिवम ने छत पर रखी एक लोहे की पेटी खोलकर उसमें रखा सोने का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी और चार मोबाइल फोन बरामद करवाए. बरामद हुए माल की कीमत 2.36 लाख रुपये बताई गई है. सोते हुए यात्रियों को बनाता था निशाना पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह ट्रेन में सोते हुए यात्रियों को निशाना बनाता था. अधिकतर वारदातें इटारसी से खंडवा के बीच चलने वाली ट्रेनों में करता था. जीटी एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में नई दिल्ली से बैतूल का यात्रा कर रहे उमेश धोटे, काशी एक्सप्रेस के जनरल कोच में भदोही से कल्याण की यात्रा कर रहे शिव कुमार विश्वकर्मा का सामान चोरी किया था. आरोपी से बरामद हुए मोबाइल फोन के मालिकों की तलाश की जा रही है.

Next Post

लाठियों से पीट-पीट कर की युवक की हत्या

Thu Jan 9 , 2025
कोतवाली बैढ़न क्षेत्र के बुधेला गांव की घटना, पारिवारिक जमीनी विवाद का मामला, राजस्व व पुलिस पर गंभीर आरोप नवभारत न्यूज सिंगरौली 9 जनवरी। कोतवाली क्षेत्र बैढ़न के बुधेला गांव में एक युवक की उसी के रिस्ते के बड़े पिता व अन्य परिजनो को जमीनी विवाद को लेकर बीती रात […]

You May Like