
बालाघाट, वारासिवनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिटोडी और डोके के मध्य लगभग 30 लाख रुपये की लागत से बनी नवीन पुलिया अधूरी छोड़े जाने के कारण ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। ठेकेदार ने पुलिया का निर्माण तो कर दिया, लेकिन दोनों ओर एप्रोज सड़क बनाना भूल गया।
बारिश के चलते एप्रोज नहीं होने से स्कूल के छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को रोजाना कीचड़ और फिसलन से गुजरना पड़ रहा है। कई वाहन भी फंस रहे हैं। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने कई बार ठेकेदार को एप्रोज सड़क बनाने के लिए कहा, लेकिन उसने अनदेखी की।
मामला बढ़ने पर विधायक विवेक ‘विक्की’ पटेल ग्रामीणों, ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिया का निरीक्षण किया। विधायक ने ठेकेदार को लापरवाही पर जमकर फटकार लगाते हुए तत्काल दोनों ओर एप्रोज सड़क बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सब इंजीनियर किरण गजभिए, सरपंच खुमेंद्र मड़ावी, खुपचंद बिसेन, यादौराव बिसेन, राजेश पटले, दुलीचंद पटले, उमेश पटेल, तिशांक पटले, शत्रुघ्न पटले, राजकुमार चौधरी, संदेश बिसेन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
*15 दिन में काम नहीं हुआ तो होगा आंदोलन*
ग्राम बिटोडी के पूर्व सरपंच तेजराम नगपुरे ने कहा कि ठेकेदार ने शुरू से ही समय-सीमा में काम नहीं किया। बारिश से पहले भी कई बार एप्रोज बनाने को कहा गया, पर किसी ने नहीं सुना। अभी स्कूल के बच्चे और वाहन इसी रास्ते से गुजरते हैं। हमने विधायक और अधिकारियों को मौके पर बुलाकर चेतावनी दी है। अगर 15 दिनों के भीतर एप्रोज सड़क नहीं बनी तो ग्रामीण ठेकेदार के खिलाफ आंदोलन करेंगे। इसकी पूरी जवाबदारी शासन-प्रशासन की होगी।
*घटिया काम करने वाले ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करेंगे: विवेक पटेल*
विधायक विवेक पटेल ने कहा कि विधायक बनने के बाद मैंने लगातार प्रयास कर बिटोडी-डोके के बीच पुलिया स्वीकृत करवाई थी। कुछ माह पहले निर्माण पूरा भी हुआ, लेकिन ठेकेदार ने एप्रोज बनाना छोड़ दिया। मैंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जल्द अधूरा काम पूरा कराएं। अधिकारियों ने आश्वस्त किया है। यदि काम नहीं हुआ तो मैं भी ग्रामीणों के साथ आंदोलन में शामिल होऊंगा। घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदार को शासन की ब्लैकलिस्ट में डाला जाएगा।
