
महिला समेत 3 पर ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज
भोपाल, 9 जनवरी. शाहजहांनाबाद पुलिस ने एक व्यक्ति की रिपोर्ट पर महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया है. आरोपी महिला फोटो और वीडियो वायरल करने तथा बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर बीस लाख रुपयों की मांग कर रही थी. महिला का पति और भी ब्लैकमेलिंग में सहयोग कर रहा था. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जानकारी के अनुसार इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति की महिला के साथ शारीरिक संबंध थे. करीब पांच साल पहले दोनों एक-दूसरे से अलग हो गए थे, जिसका उनके बीच अनुबंध भी हुआ था. कुछ समय बाद महिला पर किसी ने हमला किया था, जिसकी शंका अलग हुए व्यक्ति पर जताई गई थी. इसके चलते उस व्यक्ति को करीब एक साल तक जेल में रहना पड़ा. जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद दोनों के बीच कोई संबंध नहीं रहा. कुछ समय बाद महिला की बेटी की शादी में उसे बुलाया गया तो वह व्यक्ति शादी में चला गया था. इसके कारण उनके बीच दोबारा से नजदीकी बढ़ गई. इस दौरान महिला ने अपनी जरूरतों के लिए पैसों की मांग की तो व्यक्ति ने उसकी मदद कर दी. इस प्रकार वह महिला को 12 लाख रुपये से ज्यादा की रकम दे चुका है. पिछले कुछ दिनों से महिला ने जब और ज्यादा पैसों की मांग की तो व्यक्ति ने पैसे देने से इंकार कर दिया. उसके बाद महिला पुराने फोटो और वीडियो वायरल कर बदनाम करने और दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हुए बीस लाख रुपयों की मांग करने लगी. इसमें उसका पति और भाई भी सहयोग कर रहा था. परेशान होकर पीडि़त ने वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत की थी, जिसके बाद शाहजहांनाबाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
