
अशोकनगर। जिला अस्पताल में आज गुरुवार को एक बड़ी घटना सामने आई। एसएनसीयू वार्ड में ऑक्सीजन सप्लाई की लाइन अचानक फट गई। जिसके कारण ऑक्सीजन सप्लाई लीकेज हो गई। वहीं वार्ड में भर्ती सभी नवजात शिशु जो ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे। उन्हें स्टाफ द्वारा अन्य जगह शिफ्ट किया गया। वहीं घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मेन स्विच से ऑक्सीजन सप्लाई बंद कर दी। सुरक्षा के लिए शिशुओं को एक बेड पर शिफ्ट किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में अफरातफरी मच गई। बाहर बैठे नवजातों के परिजनों पर चिंता की लकीरें दिखी।जिसके कारण
परिजन अपने बच्चों की स्थिति जानने के लिए वार्ड के बाहर जमा हो गए। हालांकि, सुरक्षा कारणों से उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया। ऑक्सीजन सप्लाई बंद होने से बच्चों की जान को खतरा था। अस्पताल स्टाफ को लापरवाही व स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोगों ने कलेक्टर को सूचित किया। जिसके बाद
प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। तहसीलदार रोहित रघुवंशी, एसडीएम बृजबिहारी लाल श्रीवास्तव और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीम ने विद्युत सप्लाई और ऑक्सीजन पाइप की मरम्मत का काम शुरू किया। लगभग एक घंटे में स्थिति सामान्य हो गई।
जिला अस्पताल के डॉक्टर बी एल टैगोर ने बताया कि ऑक्सीजन पाइप की मरम्मत कर दी गई है। उन्होंने कहा कि शिशुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी कदम उठाए गए। सभी बच्चे सुरक्षित हैं और उनकी स्थिति स्थिर है। यहां गौर करने वाली बात ये है जिस समय यह हादसा हुआ उस समय ड्यूटी डाक्टर वार्ड में नहीं था।
