मुख्यमंत्री आवास को लेकर झूठ फैला रही भाजपा : आप

नयी दिल्ली 08 जनवरी (वार्ता) आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से मुख्यमंत्री आवास को लेकर लगाये गए आरोपों को बेबुनियाद करार देते हुए कहा है कि भाजपा सिर्फ़ झूठ फैलाती है।

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने बुधवार काे कहा कि भाजपा का झूठ आज पूरे देश के सामने उजागर हो गया है। ये लोग कहते थे कि मुख्यमंत्री आवास में सोने का टॉयलेट, मिनी बार और स्वीमिंग पूल है। हम मीडिया को वहां लेकर गए। हमारे मंत्री सौरभ भारद्वाज और हम दोनों लोग वहां गए लेकिन पुलिस ने छावनी बनाकर हमें वहां जाने नहीं दिया। हमने कहा कि प्रधानमंत्री का राजमहल जो 2700 करोड़ रुपए का बना है, चलिए उसको देख लेते हैं लेकिन वहाँ भी नहीं जाने दिया। उन्होंने कहा कि 6700 जोड़ी जूते, 5000 सूट के अलावा, 200 करोड़ रुपए के झूमर से लेकर 300 करोड़ रुपए की कालीन प्रधानमंत्री आवास में मौजूद है और वह उसे दिखाना नहीं चाहते हैं। मुख्यमंत्री आवास की चाबी तो पीडब्ल्यूडी के पास है, लेकिन यहां तो प्रधानमंत्री हैं। उनका घर खुला हुआ है। वह सबको दिखा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री दस -दस लाख रुपये की कलम इस्तेमाल करते हैं। दिन में तीन-तीन बार सूट बदलते हैं। 12-12 करोड़ की छह गाड़ियां उनके काफिले में हैं। भाजपा इसे दिखाना नहीं चाहती है। इससे साबित हो गया कि मुख्यमंत्री आवास के बारे में जो झूठ फैलाया जा रहा था, वो भारतीय झूठा पार्टी का एक दुष्प्रचार था। प्रधानमंत्री आवास के बारे में हमने जो कुछ भी कहा, वह दिखाने के लिए भाजपा तैयार नहीं है।

आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा यही चाहती थी कि सभी को पता चले कि मुख्यमंत्री आवास में लग्जरी स्विमिंग पूल, मिनी बार और सोने का टॉयलेट है। रोज नए-नए वीडियो और फोटो भेजते थे। अब हम खुद ही सारी मीडिया को लेकर आ गए। अब भाजपा उल्टा भाग रही है। तीन लेयर की बैरिकेडिंग लगा दी है। पानी फेंकने वाले फव्वारे लगा दिए। मुख्यमंत्री आवास को पूरा बॉर्डर बना दिया, ताकि मीडिया न जा सके। यह दिखाएं कि स्विमिंग पूल कहां पर है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का आरोप है कि 33 करोड़ रुपए में मुख्यमंत्री आवास बना। यह भी कहा जा रहा है कि 2700 करोड़ रुपए में प्रधानमंत्री आवास बन रहा है। इसलिए हम मुख्यमंत्री आवास और प्रधानमंत्री आवास दोनों देखेंगे। जनता को भी दिखाएंगे और जनता खुद तय कर ले कि अगर दिल्ली में आवास और निवास पर ही वोट डलना है तो दोनों के आवास और निवास दिखा दिए जाएं और जनता उसी के ऊपर वोट डाल देगी। हम तो चाहते हैं कि बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिलाओं के लिए 2100 रुपए की सम्मान राशि, बुजुर्गों के मुफ्त इलाज, पुजारियों-ग्रंथियों को हर महीने 18 हजार रुपए की सम्मान राशि पर चुनाव हों। भाजपा कह रही है कि मुख्यमंत्री निवास पर चुनाव होना चाहिए। हमने कहा कि कोरोना के समय सरकारी पैसे से दिल्ली में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री आवास बने हैं। हम मुख्यमंत्री का निवास दिखाने आ गए हैं, अब भाजपा घबरा रही है।

श्री सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता जब मीडिया को साथ लेकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचे तो अपनी पोल खुलने की डर से भाजपा ने दिल्ली पुलिस लगाकर उन्हें रोक दिया। उनके बीच काफी देर नोंकझोंक हुई, लेकिन पुलिस ने उन्हें आवास के अंदर जाने नहीं दिया। इसके बाद वह और श्री भारद्वाज प्रधानमंत्री का आवास देखने के लिए मीडिया के साथ निकले, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया।

Next Post

केमिकल से भरे टैंकर में लगी आग, बीस हजार लीटर पानी से बुझी

Wed Jan 8 , 2025
इंदौर. लसूडिया थानाक्षेत्र के पास बुधवार की शाम एक केमिकल से भरे टैंकर में अचानक आग लग गई. आग की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया. आग लगने से पास के एक गोदाम को भी क्षति पहुंची है. फायर ब्रिगेड के सब निरीक्षक तुकाराम […]

You May Like