यादव आज 66 मेडिकल मोबाइल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना

भोपाल, 06 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज पीएम जनमन योजना के तहत 21 जिलों के 87 विकासखंडों के लिए 66 मोबाइल मेडिकल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री निवास श्यामला हिल्स में ये कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इन मोबाइल मेडिकल यूनिट से प्रदेश के दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की सुगम प्रदायगी सुनिश्चित होगी।

प्रत्येक मोबाइल मेडिकल यूनिट की लागत 33 लाख 86 हजार रूपये है। इस यूनिट से अनूपपुर, अशोक नगर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, दतिया, डिंडोरी, गुना, ग्वालियर, कटनी, मंडला, मुरैना, नरसिंहपुर, सतना, शहडोल, श्योपुर, सीधी, शिवपुरी, जबलपुर, रायसेन, उमरिया एवं विदिशा जिले के 87 विकासखंड के 1268 गांव की लगभग 3 लाख 12 हजार से अधिक की आबादी को सुगम स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। जीपीएस से लैस इन यूनिट में सक्शन मशीन, कानों की जांच की ऑटोस्कोप, एक्स-रे मशीन, स्ट्रेक्चर, ऑक्सीजन सिलेंडर आदि उपकरण होंगे।

मोबाइल मेडिकल यूनिट माह में 24 दिन गांवों का भ्रमण करेंगी और ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराएगी। ये यूनिट दिन में 2 गांव तथा 50 मरीजों को देखेगी। इस यूनिट में एक-एक डॉक्टर, नर्स, एएनएम/एमपी डब्ल्यू, लैब टेक्नीशियन और फिजियोथेरेपिस्ट मरीजों को सेवाएं प्रदान करेंगे। मरीजों को 65 प्रकार की दवाईयां भी दी जाएंगी। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेंद्र पटेल भी उपस्थित रहेंगे।

Next Post

यूनियन कार्बाइड के कचरा निष्पादन के संबंध में उच्च न्यायालय में हुयी सुनवायी

Mon Jan 6 , 2025
जबलपुर,भोपाल, 06 जनवरी (वार्ता) भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री के रासायनिक कचरे के निष्पादन के मुद्दे पर आज मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में सुनवायी हुयी और इस दौरान राज्य सरकार ने अदालत के पूर्व के आदेश के परिप्रेक्ष्य में अब तक की गयी कार्रवाई के संबंध में अवगत कराया। राज्य सरकार […]

You May Like