निगरानी बदमाश ने छुरी दिखाकर लूटी स्पोट्र्स बाइक 

लिफ्ट लेने के बहाने छात्र और दोस्त को रोका

गाड़ी रुकते ही दोनों को धक्का देकर गिराया

भोपाल, 4 जनवरी. जहांगीराबाद इलाके में शुक्रवार रात एक बदमाश ने लिफ्ट के बहाने स्पोट्र्स बाइक सवार दो छात्रों को रोक लिया. बाइक रोकते ही बदमाश ने दोनों को धक्का देकर नीचे गिरा दिया और छुरी दिखाकर डराते हुए बाइक लूटकर भाग निकला. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर बदमाश को दबोच लिया. इसके साथ ही लूटी गई स्पोट्र्स बाइक भी बरामद कर ली गई. शनिवार को इलाके में बदमाश का जुलूस निकाला गया. वह पिछले दिनों ही जेल से छूटकर बाहर आया था. जानकारी के अनुसार बिलाल उस्मानी (18) शिफा मंजिल तलैया में रहता है और प्रतियोगी परीक्षा नीट की तैयारी कर रहा है. शुक्रवार रात वह अपने दोस्त अलफेज के साथ उसकी स्पोट्र्स बाइक ड्यूक लेकर वरदान अस्पताल के पास काम से आया था. रात करीब ग्यारह बजे दोनों दोस्त बाइक पर बैठकर घर लौटने लगे. वह पठान फिटनेस के पास पहुंचे, तभी एक युवक ने लिफ्ट का इशारा किया. बिलाल ने जैसे ही युवक के पास बाइक रोकी, वैसे ही बदमाश ने दोनों को धक्का देकर नीचे गिरा दिया और छुरी दिखाकर डराते हुए बाइक लेकर भाग निकला. घटना के बाद बिलाल और उसके साथी ने शोर मचाया और बाद में थाने जाकर घटना की जानकारी दी. बदमाश की तलाश में जुटी पुलिस एसआई रामसजीवन वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को थाना प्रभारी आशुतोष उपाध्याय की नाईट गश्त भी थी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उपाध्याय ने अपनी बाइक पर एक कर्मचारी को बिठाया और बदमाश की तलाश में निकल पड़े. इसके साथ ही अन्य पुलिस कर्मचारियों को अलग-अलग दिशाओं में भेजा गया. कुछ समय बाद सूचना मिली कि स्पोट्र्स बाइक लूटने वाला बदमाश नदीम जिंसी था, जो इस समय एक्सटॉल कालेज के पास देखा गया है. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने नदीम को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बाइक लूटने की बात स्वीकार कर ली. झुग्गीबस्ती से बरामद हुई बाइक पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई ड्यूक बाइक रोशनपुरा झुग्गीबस्ती की एक गली से बरामद की है. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात को बाद वह झुग्गीबस्ती पहुंचा और एक गली में बाइक खड़ी करने के बाद वापस लौट आया था. जब्त हुई बाइक की कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है. इलाके में निकाला बदमाश का जुलूस शनिवार को पुलिस ने बदमाश नदीम जिंसी का इलाके में जुलूस निकाला. उसके खिलाफ करीब दो दर्जन संगीन अपराध पहले से दर्ज हैं. उसके खिलाफ जेल ब्रेक का प्रकरण भी दर्ज हो चुका है. कुछ समय पहले हबीबगंज पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. वह पांच-छह दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था.

Next Post

अभिनेत्री सुश्री मदिराक्षी मुंडले ने अपने उज्जैन प्रवास के दौरान भगवान महाकालेश्वर जी के दर्शन किए।

Sat Jan 4 , 2025
उज्जैन 04 जनवरी 2025। अभिनेत्री सुश्री मदिराक्षी मुंडले ने अपने उज्जैन प्रवास के दौरान भगवान महाकालेश्वर जी के दर्शन किए। पूजन श्री प्रशांत पुजारी द्वारा सम्पन्न करवाया गया। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like